नाहन: वीरवार को नाहन विकास खंड की अंडर-14 के ब्वॉयज मुकाबले संपन्न हुए। प्रतियोगिता में शमशेर वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला को सर्वश्रेष्ठ विद्यालय के खिताब से नवाजा गया। बतौर मुख्यातिथि राजीव सैनी ने पुरस्कार वितरित किए। मौके पर खेल प्रभारी कमल पासी व एसएमसी अध्यक्ष पंचम कुमार उपस्थित रहे। वॉलीबाल प्रतियोगिता में शमशेर स्कूल ने जमटा को हराकर कब्जा किया। कबड्डी में पंजाहल ने शमशेर स्कूल को मात दी।
खो-खो में एचवीएन जमटा ने पाइनवुड जमटा को हराकर खिताब पर कब्जा किया। बैडमिंटन में ब्वॉयज स्कूल नाहन ने एचवीएन जमटा को हराया। वहीं जुडो में शमशेर स्कूल ने जाबल का बाग को हराकर ट्रॉफी जीती। साथ ही कुश्ती की ट्रॉफी पर भी कब्जा किया। शतरंज प्रतियोगिता में कैरियर अकादमी ने प्रथम स्थान अर्जित किया।
योगा में तिरमली व बिरला को प्रथम स्थान हासिल हुआ। प्रतियोगिता में सर्वश्रेष्ठ एथलीट का खिताब ब्वॉयज स्कूल के गणेश को मिला। भाषण प्रतियोगिता में ऋषभ व गोविंद ने क्रमशः प्रथम व द्वितीय स्थान हासिल किया। समूहगान में शमशेर स्कूल ने बाजी मारी। रिले दौड़ में पाइनवुड जमटा ने प्रथम स्थान अर्जित किया। लॉंग जंप में एचवीएन जमटा के नितिन ठाकुर ने प्रथम स्थान अर्जित किया। हाई जंप में भी इसी स्कूल के अमन ने प्रथम स्थान अर्जित किया। 100 मीटर की दौड़ में मोहित ठाकुर सर्वश्रेष्ठ धावक रहे।