मंडी(वी कुमार): हिमाचल प्रदेश युवा कांग्रेस में जल्द ही बड़ा फेरबदल होने जा रहा है और इस बार फेरबदल में वह सभी पदाधिकारी निशाने पर हैं जो औहदों पर तो बैठे हैं लेकिन संगठन के लिए कोई कार्य नहीं कर रहे हैं। ऐसे पदाधिकारियों की युवा कांग्रेस ने सूचि तैयार कर ली है और जल्द ही इन्हें बाहर का रास्ता दिखाया जाएगा। यह बात हिमाचल प्रदेश युवा कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं मंडी संसदीय युवा कांग्रेस के प्रभारी शेखर सेठी ने मंडी में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान कही।
उन्होंने बताया कि बीते समय में जब प्रदेश में युवा कांग्रेस के चुनाव हुए थे तो कई पदाधिकारी ऐसे चुनकर आ गए थे जो आज संगठन के लिए कोई कार्य नहीं कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे पदाधिकारी संगठन के लिए घातक हैं और इन्हें बाहर का रास्ता दिखाने की जरूरत है। उन्होंने बताया कि ऐसे निष्क्रीय पदाधिकारियों को हटाकर उनके स्थान पर कार्य करने वाले कर्मठ कार्यकर्ताओं को औहदों पर बैठाया जायेगा।
भाजपा की परिवर्तन रैली पर बोलते हुए शेखर सेठी ने कहा कि भाजपा मात्र 15 हजार की भीड़ जुटाकर 1 लाख का दावा करके लोगों को गुमराह करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि कांगड़ा में कांग्रेस की विशाल रैली होगी जिसके माध्यम से भाजपा को उसकी रैली का जबाव दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि आने वाले विधानसभा चुनावों में प्रदेश युवा कांग्रेस उन सभी युवाओं का समर्थन करेगी जो टिकट की दावेदारी पेश करेंगे।
इस मौके पर उनके साथ मंडी संसदीय क्षेत्र युवा कांग्रेस के उपाध्यक्ष अनिल शर्मा सहित अन्य पदाधिकारी भी मौजूद रहे।