मंडी (वी कुमार) : सीएम वीरभद्र सिंह ने सराज से भाजपा विधायक एवं पूर्व मंत्री जय राम ठाकुर पर जो तंज कसा था उसपर जयराम ठाकुर ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। मंडी में जयराम ठाकुर ने कहा कि सीएम वीरभद्र सिंह विकास की सच्चाई से कोसों दूर हैं।
बता दें कि पिछले कल सीएम वीरभद्र सिंह सराज विधानसभा क्षेत्र के दौरे पर थे और इस दौरान उन्होंने यहां से भाजपा के विधायक जय राम ठाकुर पर तंज कसते हुए कहा था कि जय राम ठाकुर भाजपा की मंडली के सबसे शरीफ विधायक हैं, लेकिन काम के मामले में सबसे पीछे हैं। जय राम ठाकुर ने जब सीएम के इस बयान को सुना तो उन्होंने भी सीएम को जबाव दे दिया।
जयराम ठाकुर का कहना है कि वह सराज से लगातार चौथी बार विधायक चुनकर आए हैं और यह इस बात को दर्शाता है कि उन्होंने जमीनी स्तर पर कितना कार्य किया है। उन्होंने कहा कि सीएम को बहुत सी बातों के बारे में जानकारी नहीं है। जय राम ठाकुर ने सराज में कुछ संस्थान खोलने के लिए सीएम का आभार जताया और साथ ही यह तंज भी कसा कि सिर्फ संस्थान खोलने से कुछ नहीं होता उन्हें सही ढंग से चलाना भी पड़ता है।
जय राम ठाकुर ने सीएम के स्पुत्र विक्रमादित्य सिंह पर भी तंज कसा। उन्होंने कहा कि विक्रमादित्य सिंह छोटी उम्र में बड़ी बातें करने लग गए हैं और उन्हें ऐसा नहीं करना चाहिए। आए दिन विक्रमादित्य सिंह कभी कैबिनेट मंत्रियों के व्यवहार पर टिप्पणी करते हैं तो कभी विधायकों का टिकट काटने की बात करते हैं। उन्होंने कहा कि इन सब बातों को विक्रमादित्य सिंह को अपने पिता पर छोड़ देना चाहिए।