नाहन (एमबीएम न्यूज): पांवटा साहिब भाजपा मंडल की बैठक यहां स्थानीय विश्राम गृह में अध्यक्ष देवेंद्र चौधरी की अध्यक्षता में संपन्न हुई। इस दौरान पूर्व सीपीएस सुखराम चौधरी के चेहरे पर समानांतर गुट बनने की टीस नजर आई। बैठक का पूरा एजैंडा ही इसी मसले पर केंंद्रित हो गया। भाजपा के जिला अध्यक्ष एवं पूर्व सीपीएस सुखराम चौधरी भी विशेष तौर पर उपस्थित थे।
इस बैठक में सभी ने एक सुर में पार्टी को कमजोर करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि भाजपा का जो कोई नेता व कार्यकर्ता प्रदेश के नेताओं का अलग से स्वागत करेगा व मंडल भाजपा की अनुमति के बगैर अलग से कार्यक्रम चलाएगा, इसे पार्टी विरोधी गतिविधि माना जाएगा। ऐसे छुटभैए नेताओं को बख्शा नहीं जाएगा। ऐसे नेताओं को पार्टी से बाहर का रास्ता भी दिखाया जाएगा।
इस मौके पर पूर्व सीपीएस सुखराम चौधरी ने कहा कि सभी कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत करने के लिए हर बूथ पर पन्ना प्रभारी तैनात किए जाएं। जिन बूथों पर पन्ना प्रमुख नहीं बने है, ऐसे बूथों पर जल्द से जल्द पन्ना प्रमुख बनाया जाए। ताकि सभी 94 बूथों पर पन्ना प्रमुख अपने कार्य में जुट जाएं। उन्होंने कहा कि 13 अगस्त को हमीरपुर के सांसद व बीसीसीआई अध्यक्ष अनुराग ठाकुर के पांवटा साहिब दौरे के लिए कार्यकर्ता अभी से तैयारी कर लें। इसके लिए 31 जुलाई को एक बैठक फिर से होगी। इसमें हर बूथ से प्रभारी शामिल होंगे।
इस अवसर पर मंडल उपाध्यक्ष हितेंद्र कुमार, महामंत्री अरविंद गुप्ता, नगर परिषद के पूर्व अध्यक्ष संजय सिंघल, मंडी समिति के पूर्व अध्यक्ष संजय कौशल, नगर परिषद के उपाध्यक्ष नवीन शर्मा, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य मनीष तोमर, पूर्व प्रधान दौलतराम, सुनील चौहान, सुरेश शर्मा, बलविंद्र कौर, बलवंत कौर, स्नेह लता, शिवानी, संतराम तोमर, सुशील तोमर, अशोक चौधरी, दिनेश चौधरी, बलवीर, संदीप शर्मा, अनुज भंडारी, पवन चौधरी, विवेक, अविनाश सैनी, भगत सिंह व मदन सिंह पुंडीर आदि उपस्थित थे।