मंडी (वी. कुमार): सदर मंडल भाजपा ने अपना विजन डाक्यूमेंट तैयार कर लिया है। इस बारे में सदर भाजपा ने एक विशेष बैठक बुलाई थी, जिसमें न सिर्फ पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता बल्कि पूरे विधानसभा क्षेत्र के बुद्धिजीवियों और अन्य सामाजिक व धार्मिक संगठनों के पदाधिकारियों को भी आमंत्रित किया गया था। बैठक के दौरान सदर विधानसभा क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं के बारे में चर्चा की गई और ज्वलंत मुद्दों के समाधान पर सबकी राय ली गई।
इस दौरान मंडी शहर में दिनों दिन बढ़ रही ट्रेफिक और पार्किंग की समस्याओं पर गहनता से चिंतन किया गया और इन्हें विजन डाक्यूमेंट में प्रमुखता से शामिल किया गया। इसके साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में ठप्प पड़े विकास कार्यों पर भी चर्चा की गई और ग्रामीणों को पेश आ रही समस्याओं को भी विजन डाक्यूमेंट में शामिल किया गया। सदर मंडल भाजपा के अध्यक्ष दीपक गुलेरिया ने बताया कि सदर विधानसभा क्षेत्र को एक आदर्श विधानसभा क्षेत्र बनाने की दिशा में प्रयास किया जा रहा है और इसके लिए भारत सरकार की मदद ली जायेगी।
उन्होंने बताया कि सदर विधानसभा क्षेत्र में ग्रामीण के साथ-साथ मंडी शहर जैसा विशाल इलाका भी आता है जहां पर समस्याओं का अंबार लगा हुआ है। उन्होंने बताया कि जो विजन डाक्यूमेंट तैयार किया गया है उसे जल्द ही उपायुक्त मे माध्यम से प्रधानमंत्री को भेजा जायेगा और भारत सरकार से इस विजन डाक्यूमेंट के माध्यम से दर्शायी गई समस्याओं के समाधान की गुहार लगाई जायेगी।