मंडी, 13 फरवरी : हिमाचल प्रदेश में आगामी नगर निगम चुनावों के चलते भाजपा ने भारी कसरत करना शुरू कर दिया है। इसी के चलते नगर निगम चुनावों की कमान संभालते हुए प्रदेश सरकार के जल शक्ति मंत्री महेंद्र सिंह ने अपने योद्धाओं को फील्ड में लगा दिया है। जिसके तहत नगर निगम मंडी के प्रभारी बनाए गए व सुंदरनगर के मौजूदा भाजपा विधायक राकेश जम्वाल ने मंडी शहर के लगभग सभी वार्डों में प्राथमिक बैठकें कर ली हैं। जिसके बाद मंडल के फीडबैक के बाद रिपोर्ट भाजपा प्रदेश हाई कमान को भेजी जाएगी।
शनिवार को मंडी नगर निगम के विभिन्न वार्डों में लोगों के साथ बैठक करने के उपरांत राकेश जम्वाल ने कहा कि भाजपा चुनावों के लिए पूरी तरह से तैयार है। दिशा निर्देशों के बाद बैठकें कर ली गई हैं व शिघ्र ही रिपोर्ट हाई कमान को भेजी जाएगी। जिसके बाद नगर निगम मंडी में सभी 15 वार्डों में भाजपा समर्थित प्रत्याशियों की घोषणा की जाएगी। राकेश जम्वाल ने कहा कि प्रदेश सरकार ने मंडी नगर निगम की वर्षों से चली आ रही मांग को पूरा किया है। जिससे यहां की जनता प्रदेश सरकार के फैसले से खुश है। उन्होंनें कहा कि प्रदेश सरकार ने तीन वर्षों के कार्यकाल में बेहतर व प्रदेश के हर वर्ग के विकास के लिए कार्य किया है।
उन्होंनें बताया कि बैठकों का फीडबैक प्रदेश हाई कमान को भेजा जाएगा और मंडलों की सिफारिशों पर गौर करने के बाद मंडी नगर निगम में भाजपा समर्थित प्रत्याशियों के नामों की घोषणा की जाएगी। इसके साथ ही आयोजित बैठकों में जनता के स्थानीय मुद्दों और समस्याओं के बारे में भी विस्तार से चर्चा की गई। बैठकों में उनके साथ मंडी जिला भाजपा के जिला अध्यक्ष रणवीर सिंह सेन, मंडल अध्यक्ष मुनिष कपूर, जिला मीडिया प्रभारी हिमांशु शर्मा, दिवान ठाकुर के साथ सभी संबंधित वार्डों के पार्षद भी मौजूद रहे।