नाहन: हिमाचल प्रदेश अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ की सिरमौर इकाई ने बीजेपी अध्यक्ष पद से डाॅ. राजीव बिंदल के इस्तीफे पर दुख प्रकट किया है। जारी एक प्रेस विज्ञप्ति में महासंघ ने कहा कि नैतिक मूल्यों के आधार पर त्यागपत्र उनके सरल स्वभाव, कर्मठता, संगठनात्मक कौशल व राजनीतिक परिपक्वता को दर्शाता है। अध्यक्ष अजय जोशी व महासचिव गितेश पराशर ने कहा कि इस्तीफा अत्यंत दुखद है।
बगैर जांच के ही स्वास्थ्य विभाग प्रकरण में नैतिकता के आधार पर इस्तीफे की मंजूरी भी सही नहीं है। महासंघ समय आने पर सत्याग्रह करेगा। उन्होंने कहा कि बिंदल कर्मचारी हितैषी हैं। उनके सानिध्य में कर्मचारियों का कोई शोषण नहीं हुआ। कर्मचारी महासंघ के खंड स्तरीय पदाधिकारियों ने भी एकजुट होकर बिंदल का साथ निभाने का प्रण लिया।
उधर हिमाचल राजकीय अध्यापक के विभिन्न संगठनों ने भी बिंदल के प्रति अपनी आस्था प्रकट की है। संघ के राज्य उपाध्यक्ष सतीश पुंडीर व सिरमौर इकाई के अध्यक्ष हरदेव ठाकुर के अलावा कमल थापा, वीरभगत सिंह व नरेंद्र कुमार आदि ने कहा कि डाॅ. बिंदल एक ईमानदार व स्वच्छ छवि के राजनेता हैं। इसी बीच प्रयोगशाला सहायक संघ के जगत सिंह व अंश कालीन संघ के आत्मा राम ने भी डाॅ. बिंदल के प्रति आस्था प्रकट की है।