कुल्लू(एमबीएम न्यूज़): बंजार विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस पार्टी विकास के बड़े-बड़े दावे कर रही है लेकिन यहां की जनता कांग्रेस से 5 वर्षों का हिसाब मांग रही है। जो कांग्रेस बंजार विधानसभा क्षेत्र के सैंज चिकित्सालय में 5 वर्षों में एक डॉक्टर नहीं ला पाई, वह सरकार विकास के दावे किस मुंह से कर रही है। यह बात प्रदेश भाजपा कार्यसमिति सदस्य बनवारी लाल ठाकुर ने कही। वे यहां सैंज घाटी के कनौन, शलवाड़, लारजी, देहूरी, शांघड़ व शैंशर आदि स्थानों पर चुनावी जनसभाओं को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कांग्रेस से सवाल पूछा है कि सैंज को उपतहसील का दर्जा तो मिला हुआ है लेकिन पिछले 5 वर्षों में तहसील को चलाने वाला नायब तहसीलदार तक भी नहीं मिल पाया है जिस कारण सैंज घाटी के लोगों के सारे राजस्व के काम रूके पड़े हुए हैं। एक प्रमाण पत्र बनाने तक के लिए छात्रों व आम जनता को कुल्लू पहुंचना पड़ता है। उधर, जब राजस्व के काम के लिए जनता बंजार जाती है तो वहां से जनता को यह कह कर दौड़ाया जाता है कि यह कार्य उप-तहसील सैंज में होने हैं। जिस कारण जनता न इधर की रही न उधर की और सारे कार्य जनता के पैंडिंग पड़े हैं।
उन्होंने कहा कि हर दिन सैंज अस्पताल में सैंकड़ों लोगों को जमावड़ा डॉक्टर के इंतजार में लगा रहता है लेकिन बाद में 50 किलोमीटर दूर ईलाज के लिए पैसे खर्च करके जिला अस्पताल पहुंचना पड़ता है। उन्होंने कहा कि जनता यह दर्द भली-भांति जानती है और पिछले 5 वर्षों से इस दर्द को झेलती आ रही है और अब जनता इसका जवाब 9 नवंबर को देने जा रही है। उन्होंने चुटकी लेते हुए कहा कि अब भाजपा सरकार आने पर ही सैंज अस्पताल के लिए डॉक्टर मिल पाएगा और उप-तहसील के लिए नायब तहसीलदार आ पाएगा।
कांग्रेस सरकार ने बंजार विस क्षेत्र में एक तारीफ का काम जरूर किया। स्कूल धड़ाधड़ खोले और अपग्रेड करने की भी झड़ी लगा दी लेकिन इन स्कूलों में अध्यापकों को भेजना सरकार भूल गई। परिणाम यह निकला कि बंजार विधानसभा क्षेत्र के लोगों के बच्चों का भविष्य अंधकार में धकेल दिया। यही नहीं नए स्कूलों के लिए उन स्कूलों से अध्यापक डैपोटेशन भेजे जा रहे हैं। जिन स्कूलों में पहले से ही अध्यापकों की कमी थी। अब न तो पहले वाले स्कूल चल पा रहे हैं और न ही नए खोले हुए।
उन्होंने कहा कि पूरे बंजार विधानसभा क्षेत्र में शिक्षा का मजाक बना दिया गया है और यहां के लोग समझ गए है कि उनके बच्चों का भविष्य खराब करने की योजना बनाई गई है। उन्होंने कहा कि सड़कों की हालत खराब है। पेयजल योजनाओं की हालत बदतर है और कांग्रेस विकास की बात कर रही है।