कुल्लू (नीना गौतम) : मनाली विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस पार्टी को बहुत बड़ा झटका लगा है। कदावर नेता धर्मवीर धामी को मनाने में जहां कांग्रेस कामयाब रही वहीं प्रेम शर्मा कांग्रेस के हाथ से छिटक गए है। प्रेम शर्मा कांग्रेस के वरिष्ट नेता रहे है और मनाली कांग्रेस के नवरत्नों में एक रत्न माने जाते रहे है। वर्तमान सरकार में प्रेम शर्मा राज्य योजना बोर्ड के सदस्य भी रहे हैं और मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के खासमखास लोगों में शुमार रहे हैं।
प्रेम शर्मा ने कांग्रेस पार्टी से टिकट का आवेदन किया था और पार्टी ने उन्हें टिकट न देकर यहां से हरिचंद शर्मा को उम्मीदवार बनाया है, जिस कारण प्रेम शर्मा आजाद प्रत्याशी के रूप में चुनावी मैदान में खड़े हुए थे। प्रेम शर्मा को मनाने में जहां कांग्रेस असफल रही है वहीं, भाजपा ने प्रेम शर्मा को अपनी ओर खींचने में सफलता प्राप्त की है। प्रेम शर्मा के भाजपा में शामिल होने से कांग्रेस को मनाली में बहुत बड़ा नुकसान झेलना पड़ सकता है।
उधर प्रेम शर्मा जनाधार वाले नेता माने जाते है और वे फ्रुट ग्रोवर ऐसोसिऐशन के अध्यक्ष भी रहे हैं। भाजपा प्रत्याशी गोविंद सिंह ठाकुर ने प्रेम शर्मा का भाजपा में शामिल होने पर स्वागत किया है। उधर प्रेम शर्मा ने भाजपा में शामिल होते ही कांग्रेस पर आरोपो की झड़ी लगा दी है। उन्होंने आरोप लगाए है कि कांग्रेस परिवारवाद में जकड़ी हुई पार्टी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी को कार्यकर्ताओं की पहचान नहीं है और जनाधार वाले लोगों को पीछे करके बिना जनाधार वाले लोगों को आगे लाया जाता है, क्योंकि कांग्रेस को जनाधार वाले लोगों से खतरा होता है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने मनाली में हमेशा जनाधार वाले लोगों की उपेक्षा की है। जिस कारण वे भाजपा में शामिल हुए हैं। उन्होंने कहा कि मनाली विस क्षेत्र में भाजपा प्रत्याशी गोविंद सिंह ठाकुर की जीत सुनिश्चित की जाएगी और वे अब मनाली विस क्षेत्र से चुनाव नहीं लड़ेगे।