नेरचौक (अमीता सेन): बल्ह कांग्रेस कमेटी ने वीरवार को मिशन रिपीट हेतू अपने जनसंपर्क अभियान का शुभारंभ कर दिया। जनसंपर्क अभियान के तहत आबकारी एवं कराधान मंत्री प्रकाश चौधरी व बल्ह कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष अजय ठाकुर बैहना में कार्यकर्ताओं से मिले व उनकी समस्याएं सुनी। उन्होंने कार्यकर्ताओं को सरकार द्वारा बल्ह विधानसभा में करवाए गए विेकास कार्योें पर प्रकाश डाला और उन्हें विधानसभा चुनाव के लिए तैयार अभी से तैयार रहने का आवाहन किया।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से वीरभद्र सरकार द्वारा साढ़े चार वर्ष के कार्यकाल में करवाए गए संपूर्ण हिमाचल व बल्ह विधानसभा में रिकॉर्ड विकास कार्यों को घर घर जा जनता को बताने की बात कही।साथ ही उन्होंने उपस्थित कार्यकर्ताओं से कहा कि यदि किसी व्यक्ति की कोई भी समस्या रहती हो तो उसे सामने ला बताया जाए तो प्राथमिकता से पूर्ण किया जाएगा। जनसंपर्क अभियान लगातार 40 दिन तक जारी रहेगा।
इसमें विधानसभा क्षेत्र की हर पंचायत में बैठकें आयोजित की जाएगी और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जनता के समक्ष पहुंचाया जाएगा। प्रकाश चौधरी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी द्वारा जो विकास करवाया गया है उसी के देख जनता आशिर्वाद दे विधानसभा चुनावों में बल्ह से रिकॉर्ड मतों से विजय हासिल कर वीरभद्र सिंह को पुनः सातवीं बार मुख्यमंत्री बना प्रदेश की सेवा करने का मौका देगी।
उन्होंने कहा कि बल्ह में भाजपा का कोई जनाधार ही नहीं है। भाजपा नेता हमेशा बेबुनियाद बातें बोलते रहते हैं और बेतुकी बयानबाजी कर जनता को गुमराह करने की कोशिश करते रहते हैं। लेकिन जनता समझदार है वह देख चुकी है कि भाजपा के राज में किस किस के अच्छे दिन आए हैं, आए दिन भाजपा नेता बल्ह में विकास नहीं होने की बातें करते रहते हैं। उन्हे अगर खुली आंखों से अथाह विकास नहीं दिखाई दे रहा है तो उनको अपना ईलाज किसी अच्छे चिकित्सक से करवा लेना चाहिए। जनता ने भाजपा को उसकी हाल ही में शुरू की गई रथयात्रा में आईना दिखा दिया है। जनता भाजपा नेताओं द्वारा शुरू की गई रथयात्रा में कोई दिलचस्पी नहीं दिखा रही है, जिससे साबित होता है कि चार गुटों में बंटी प्रदेश भाजपा का कोई जनाधार नहीं बचा है।