सुंदरनगर, 18 सितंबर : हिमाचल भाजपा के वरिष्ठ नेता व प्रदेश सरकार में पूर्व वनमंत्री रहे रूप सिंह ठाकुर ने कंगना रनौत मामले पर महाराष्ट्र सरकार पर तीखा जुबानी हमला बोला है। रूप सिंह ठाकुर ने महाराष्ट्र सरकार को चेतावनी देते हुए मुबंई में किए गए अन्य अवैध निर्माण कार्यों को तोड़कर न्याय करने की मांग की है। रूप सिंह ठाकुर ने कहा कि अगर महाराष्ट्र सरकार में दम है तो सभी अवैध कब्जों को तोड़कर बताएं, तभी हर इंसान को न्याय मिलेगा। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश के छोटे से क्षेत्र भांबला से निकलकर बॉलीवुड एक्टर्स कंगना रनौत ने प्रदेश और देश का नाम विश्व भर में रोशन किया है, जो प्रदेश के लिए एक सम्मान की बात है। उन्होंने कहा कि पिछले दिनों महाराष्ट्र में गठबंधन की सरकार ने कंगना के साथ जो व्यवहार किया है, उसकी वह निंदा करते हैं।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार और केंद्र सरकार ने कंगना की सुरक्षा के लिए जवान तैनात करने के लिए केंद्र व प्रदेश सरकार का आभार व्यक्त करते हैं। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र सरकार द्वारा जिस तरह से कंगना रनौत का ऑफिस गिराया गया है, यह पूरी कार्रवाई प्रतिशोध की भावना से की गई है। उन्होंने महाराष्ट्र सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि अगर कंगना रनौत का घर अवैध था तो महाराष्ट्र में लाखों और घर भी अवैध हैं। उन्होंने कहा कि अगर महाराष्ट्र सरकार में दम है तो वह उन अवैध घरों को भी तोड़े, जिस तरह से उन्होंने कंगना रनौत के ऑफिस को तोड़ा है। रूप सिंह ठाकुर ने केंद्र सरकार से मांग की है कि इस प्रतिशोध की भावना से की गई कार्रवाई की गहनता जांच की जाये और कंगना रनौत को इंसाफ दिलाया जाएं।