मंडी, 08 अगस्त : जिला में आज एक बार फिर से कोरोना का बड़ा धमाका हुआ है। आज जिला में एक साथ 14 पॉजिटिव मामले सामने आए हैं। इनमें 8 लोग वो हैं जो मंडी जिला के ही हैं और उनके टेस्ट यहीं पर हुए हैं जबकि 6 मजदूर वो हैं जो आज चंडीगढ़ से मंडी आए हैं और इनका टेस्ट चंडीगढ़ में किया गया था जहां पर इन सभी की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। पांगणा गांव का जो फौजी पॉजिटिव पाया गया था उसके परिवार के सभी चार सदस्य भी पॉजिटिव पाए गए हैं।
वहीं गुरूद्वारा परिसर में रूका हुआ फौजी भी कोरोना पॉजिटिव पाया गया है। इसके अलावा गोहर उपमंडल के सरोआ गांव से एक और सुंदरनगर उपमंडल के जरोल से दो पॉजिटिव मामले सामने आए हैं। इन सभी की कांटेक्ट हिस्ट्री जिला प्रशासन के पास मौजूद है। जो लोग पहले पॉजिटिव आए थे यह उनके संपर्क में आने से कोरोना पॉजिटिव हुए हैं। वहीं पंडोह बाय पास टकोली फोरलेन प्रोजेक्ट का काम कर रही एफकॉन्स कंपनी में काम करने के लिए बाहर से आए 6 प्रवासी मजदूर पॉजिटिव पाए गए हैं। यह लोग आज सुबह ही मंडी जिला के नगवाईं पहुंचे थे, जहां पर इन्हें राधा स्वामी सत्संग ब्यास भवन में बनाए गए इंस्टीच्यूशनल क्वारंटाइन सेंटर में रखा गया था। बता दें कि यह मजदूर काम पर नहीं गए थे।
चंडीगढ़ से हिमाचल आने से पहले इनके वहां पर कोरोना टेस्ट हुए थे जिनकी रिपोर्ट आज पॉजिटिव आई है। चंडीगढ़ प्रशासन ने इसकी जानकारी मंडी जिला प्रशासन के साथ सांझा की जिसके बाद इनके पॉजिटिव होने की बात सामने आई। डीसी मंडी ऋग्वेद ठाकुर ने 14 नए मामले आने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि जिनमें लक्ष्ण हैं उन्हें मेडिकल कॉलेज और बीना लक्ष्ण वालों को कोविड केयर सेंटर भेजा जा रहा है। वहीं एफकॉन्स कंपनी के एचआर हैड कर्नल बलजिंदर गोरैया ने स्पष्ट किया है। उनकी कंपनी में भारत सरकार के दिशा निर्देशों का पूरी तरह से पालन किया जा रहा है। जो भी मजदूर, कर्मचारी, इंजीनियर या अधिकारी बाहर से यहां काम पर आ रहा है उसे 14 दिनों तक क्वारंटाइन सेंटर में रखने और उसका टेस्ट करवाने के बाद ही काम पर आने की अनुमति दी जा रही है।