ऊना : मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने दो दिवसीय दौरे के अंतिम दिन की शुरूआत बहड़ाला स्कूल भवन में सांईस ब्लॉक के उद्घाटन से की। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि 50 वर्ष सत्ता में रहने के बावजूद भी कांग्रेस को प्रशिक्षण की जरूरत पड़ रही है। सीएम ने कहा कि कांग्रेस आजादी के 70 सालों में 50 वर्ष सत्ता में रही। 50 वर्ष का प्रशिक्षण हिमाचल कांग्रेस को काम नहीं आया। कांग्रेस का प्रशिक्षण ले रहे है, इसमें ज्यादा कुछ नहीं बोलना। इतना जरूर है कि उनका पहले का प्रशिक्षण काम नहीं आया। देश को लूटना, देश में सत्ता का आनंद करना, जनसेवा न करना, जनता सब जानती है। जिसका परिणाम आज कांग्रेस मुक्त भारत हुआ है।
भाजपा की चार्जशीट के सवाल पर मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि अनावश्यक व बदले की भावना से काम करना भाजपा की आदत नहीं है। पहले कुछ ओर दौर था, लेकिन अब दौर में काफी बदलाव आया है। चार्जशीट में जो अति गंभीर मामले होंगे, उसमें निश्चित रूप से कार्रवाई की जाएगी। स्कूल में डंपी एडमिशन के सवाल पर अभी तक विचार किया जा रहा है। इसमें अलग से कानून बनाने की कोई आवश्यकता नहीं है, यह प्रचलन बहुत सारे प्रदेशों में चल रहा है। ऐसे में क्या किया जा सकता है। इस पर अध्ययन करने के बाद ही आगे कदम उठाया जाएगा।
नए मोटर वाहन नियम को लेकर मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि अभी पूरे मामले को स्टडी किया जा रहा है। पूरे देश में नए मोटर एक्ट नियम को संशोधित कर लागू किया जा रहा है। हिमाचल एक पहाड़ी प्रदेश है। ऐसे में नए मोटर एक्ट में क्या करना है, इसको लेकर अध्ययन किया जा रहा है। इसके बाद जो आवश्यक होगा, उसमें बदलाव कर हिमाचल प्रदेश में लागू होंगे।