सोलन (एमबीएम न्यूज़) : प्रदेश युवा कांग्रेस के अध्यक्ष विक्रमादित्य सिंह ने आज यहां दुर्गा पब्लिक स्कूल में स्वर्ण जयन्ती हिमाचल प्रदेश राज्य एवं अंतर जिला टेबल टेनिस चैम्पियनशीप-2016 का शुभारम्भ किया।
विक्रमादित्य सिंह ने इस अवसर पर कहा कि खेल मानव जीवन के लिए अत्यन्त महत्वपूर्ण हैं। खेलों के माध्यम से जहां पूर्ण मानसिक एवं शारीरिक विकास संभव होता है वहीं सम्पूर्ण व्यक्तित्व विकास को भी बल मिलता है। उन्होंने कहा कि खेल व्यक्ति को सकारात्मक बनाते हैं जिससे वह विभिन्न कार्यों में अपना शत प्रतिशत प्रदान करता है।
उन्होंने उपस्थित खिलाडि़यों का आह्वान किया कि वे पूरी एकाग्रता एवं समर्पण की भावना के साथ खेल खेलें। उन्होंने कहा कि यह प्रतियोगिता जहां प्रदेश और जिला के खिलाडि़यों को एक उचित मंच प्रदान कर रही है वहीं यहां आए खिलाडि़यों को अन्य खिलाडि़यों के अनुभवों से सीखने का अवसर भी मिलेगा।
उन्होंने कहा कि खेल नेतृत्व क्षमता के विकास में सहायक सिद्ध होते हैं। उन्होंने खिलाडि़यों से आग्रह किया कि वे खेल को हमेशा खेल की भावना से खेलें और स्वस्थ प्रतियोगिता ही करें।
प्रदेश युवा कांग्रेस के अध्यक्ष ने कहा कि मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के नेतृत्व में वर्तमान प्रदेश सरकार युवा विकास पर विशेष ध्यान दे रही है। प्रदेश में खिलाडि़यों को सरकारी नौकरियों में तीन प्रतिशत आरक्षण प्रदान किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार सभी जिलों में बहुद्देशीय खेल स्टेडियमों के निर्माण पर बल दे रही है ताकि हिमाचल जैसे दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों वाले प्रदेश के ग्रामीण परिवेश के युवा अच्छी सुविधाएं प्राप्त कर राष्ट्रीय तथा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन कर सके।
इस प्रतियोगिता में प्रदेश के 9 जिलों के लगभग 170 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं।
इस अवसर पर सोलन जिला टेबल टेनिस संघ के अध्यक्ष हितेन्द्र कंवर, प्रदेश खादी बोर्ड के उपाध्यक्ष रमेश चौहान, शहरी कांग्रेस के अध्यक्ष जतिन साहनी, पार्षद पुनीत शर्मा, युवा कांग्रेस के महासचिव विनोद कालटा, जिला टेबल टेनिस संघ के सचिव भानु शर्मा, संगठन सचिव प्रदीप गुप्ता सहित खिलाड़ी, स्कूल के छात्र एवं अन्य उपस्थित थे।