नाहन (एमबीएम न्यूज़) : सिल्वर बेल्स पब्लिक स्कूल नाहन का वार्षिक समारोह रविवार को धूमधाम से मनाया गया। समारोह में सामाजिक कल्याण बोर्ड की अध्यक्ष सत्या परमार ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की।जबकि पूर्व विधायक कुश परमान कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि शामिल रहे। समारोह में स्कूल के नन्हें-मुन्ने बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम भी पेश किए। कार्यक्रम की शुरूआत मुख्यातिथि ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। तदोपरांत नन्हें-मुन्ने बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। स्कूल की छात्राओं शिवानी, छवि, वृपनीत, नंदनी ने सर्वप्रथम सरस्वती वंदना प्रस्तुत की।
तदोपरांत केजी के वेदांत, अरविंद, अर्णव, मन्नत, वनित आदि नन्हें-मुन्ने बच्चों ने उभरते तारों, नामक गीत पर खूबसूरत डांस प्रस्तुत कर खूब तालियां बटोरी। प्रथम कक्षा के चिन्मय, निमृत, दक्ष, आयूष राणा व उनके साथियों ने मराठी कलाकारों का रूप धरा, जिसे खूब पंसद किया गया। द्वितीय कक्षा के छात्रों अनिका, अनिकेत, सौया, ओवेस, सान्या, सक्षम, तान्या आदि ने सुन्दर डांस प्रस्तुत करते हुए पाश्र्व गायन पेश किया। जिसे लोगों ने खूब सराहा।
इस दौरान तीसरी कक्षा के विद्यार्थियों पुष्कर, कृतिका, रिद्धिका, इरतिका आदि ने भारत मां की झांकी प्रस्तुत की। चौथी व पांचवी कक्षा के विद्यार्थियों वंशिका, मनन, भूमि, नितिक, ध्रुव, अभिषेक, आनंदिता, यश तोमर, कशिश, विदूषी ने असम व गुजराती नृत्य पेश किया।
इस नृत्य को सभागार में मौजूद लोगों ने हाथों हाथ लिया और जमकर तालियां बजाई। तालियों के गडगडाहट के बीच डांस कर रहे बच्चों के चेहरे पर खुशी देखते ही बन रही थी। कार्यक्रम के अंत में स्कूल की मुख्याध्यापिका अंजुम आरा ने मुख्यातिथि सत्या परमार को शॉल व टॉपी ओढाकर सम्मानित भी किया। इस दौरान कन्या स्कूल नाहन की प्रधानाचार्य बिंदु बडालिया, मोगीनंद स्कूल की प्रधानाचार्य विजय बंसल सहित भारी संख्या में गण्यमान्य लोग मौजूद रहे।
कार्यक्रम के अंत में वर्ष भर शैक्षणिक व खेल गतिविधियों में अव्वल रहे विद्यार्थियों को मुख्यातिथि द्वारा सम्मानित भी किया गया।