बद्दी (एमबीएम न्यूज़) : प्रदेश के सबसे बड़े औद्योगिक क्षेत्र बद्दी को प्रदेश सरकार ने महिला पुलिस थाना की सौगात दी है। इसका शुभारंभ मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने पुलिस महानिदेशक संजय कुमार की उपस्थिति में किया। सव इंस्पेक्टर रीता देवी महिला पुलिस थाना बद्दी में बतौर पहली थाना प्रभारी कमान संभालेंगी।
महिला पुलिस थाना बद्दी के उदघाटन से पूर्व परेड़ की सलामी लेते सीएम, इनसेट में महिला थाने का लोकापर्ण करते।महिला सशक्तिकरण की दिशा में सरकार ने कदम उठाते हुए पूरे देश भर से बीबीएन में कार्यरत महिलाओं की सुरक्षा को पुख्ता करने के लिए महिला थाना खोला है। इस पुलिस स्टेशन में बद्दी बरोटीवाला नालागढ़ में कार्यरत कोई भी महिला अपनी शिकायत बेझिझक दर्ज करवा सकेंगी। शिकायत को जहां गोपनीय रखा जाएगा वहीं थाने में तैनात महिला पुलिस अधिकारी काउंसलिंग के जरिए भी मामलों की सुलझाने का प्रयत्न करेंगी।
बद्दी में खोले गए महिला पुलिस थाने की विशेषता यह रहेगी यहां पर ऊपर से नीचे तक सारा स्टाफ महिला पुलिस कर्मियों का होगा। कई बार देखने में आया है कि उद्योगों में कार्यरत महिलाएं जानकारी व शिक्षा के अभाव में समान्य पुलिस थानों में अपनी व्यथा का बखान नहीं कर पाती हैं, वहीं कई बार पुलिस थानों में महिलाओं की शिकायतें लंबित पड़ी रहती हैं।
बीबीएन में औद्योगिकरण के बाद यहां पर हजारों की संख्या में महिला कामगार तैनात हैं और वह इस महिला पुलिस थाने में घरेलू अपराध, यौन अपराध, मारपीट, दहेज संबंधी मामले दर्ज करवा सकेंगी। बीबीएन के सभी पुलिस थानों में महिलाओं से जुड़ी तमाम दर्ज शिकायतों को महिला पुलिस थाना बद्दी में स्थानांतरित होकर आएंगी।
इस पुलिस थाना में थाना प्रभारी समेत 10 महिला पुलिस कर्मियों का स्टाफ तैनात रहेगा। यहां पर महिलाओं के प्रति अपराधों में वृद्धि हुई है और कई मामले दर्ज भी नहीं हो पाते। महिलाओं को अकसर यहां निशाना बनाया जाता है और चेन स्नेचिंग, छेड़छाड़, उद्योगों में दुव्र्यवहार, मारपीट, दुष्कर्म, हत्या जैसे मामलों का ग्राफ तेजी से बढ़ रहा है।
इस अवसर पर डीजीपी संजय कुमार, दून विधायक चौधरी राम कुमार, डीसी सोलन राकेश कंवर, एसपी बद्दी बशेर सिंह चौहान, डीएसपी खजाना राम, डीएसपी नालागढ़ साहिल अरोड़ा, जिलाध्यक्ष कांग्रेस राहुल ठाकुर, तहसीलदार नारायण चौहान, नायब तहसीलदार राज कुमार, एसएचओ बद्दी फिरोज खान, एसएचओ बरोटीवाला दया राम ठाकुर, एएसआई प्रदीप ठाकुर, नप अध्यक्ष मदन चौधरी, महिला थाना प्रभारी रीता देवी, एएसआई कृष्णा देवी, विभिन्न जनप्रतिनिधि सुशीला ठाकुर, राज रानी, पार्वती, दुर्गा थापा, लायक राम चौधरी, डा. रमा जुल्का, डा. नीरज जुल्का सहित गणमान्य लोग उपस्थित रहे। उदघाटन से पहले मुख्यमंत्री ने परेड की सलामी ली।