सोलन (एमबीएम न्यूज़) : शहर की शान कहे जाने वाले जवाहर पार्क के सौंदर्य में अब भारतीय तिरंगा चार चांद लगाएगा। पार्क में स्थापित होने वाले करीब 122 फुट ऊंचाई वाले तिरंगे का कार्य रविवार को शुरू हो गया है। तिरंगे के स्थापन कार्य का शुभारंभ स्वर्गीय बंसीधर के परिवार के सदस्यों ने पूजा-अर्चना के साथ विधिवत किया। जवाहर पार्क में तिरंगे को स्थापित किए जाने का बीड़ा स्वर्गीय बंसीधर के परिवार के सदस्यों ने उठाया है। पुरानी यादों को संजोए हमेशा रखने के लिए यह तिरंगा उनकी याद में स्थापित किया जा रहा है।
जानकारी के मुताबिक सोलन के जवाहर पार्क में स्थापित होने वाले तिरंगे का कार्य शुरू हो गया है। पार्क में करीब 122 फुट ऊंचे तिरंगे को स्थापित करने के लिए एक्सपर्ट की टीम मेरठ से बुलाई गई है। एक्सपर्ट की टीम के लोगों ने तिरंगे को स्थापित करने का कार्य शुरू कर दिया है तथा आगामी कुछ समय बाद तिरंगा जवाहर पार्क में लहराता नजर आएगा।
तिरंगे को स्थापित करने के लिए मेरठ से आई टीम के सदस्यों में मौहसीन, अरशद अली, शहजाद, जाहिद खान, आदिल खान के अनुसार उन्हें पहली बार तिरंगे को स्थापित करने का मौका मिला है, जोकि उनके लिए गौरव की बात है।
इतिहास के पन्नों को पलट कर यदि गौर से देखा जाए तो 1857 की क्रांति की यादों को ताजा करने के लिए क्रांति की लड़ाई के ठीक 100 साल के उपरांत 1957 में जवाहर पार्क में पहली बार तिरंगे को फहराया गया था। तिरेंगे को पहली बार तत्कालील मैजिस्ट्रेट द्वारा फहराया गया।
1961 तक तिरंगे को पार्क में फहराने के बाद इसे ठोडो मैदान में फहराया जाने लगा। वर्ष 1973 में ठोडो ग्राउड में हरी घास लगाने का प्रस्ताव आया,जिसे देखते हुए एक साल तक तिरंगे को फिर जवाहर पार्क में फहराया गया।
इसके बाद दोबारा तिरंगे को ठोडो ग्राउंड में ही फहराया जाने लगा,लेकिन सोलन शहर में तिरंगे को फहराने का इतिहास जहां से आरंभ हुआ था, तिरंगे को फिर से वहीं स्थापित किया जा रहा है। करीब 122 फुट ऊंचाई पर स्थापित होने वाले यह तिरंगा जहां सोलन की शान को चाद चांद लगाएगा, वहीं वर्षों पुरानी यादों को भी तरोताजा करेगा।
उधर पूर्व पार्षद विशाल वर्मा ने कहा है कि जवाहर पार्क से जुड़ी यादों को ताजा करने के लिए स्वर्गीय बंसीधर परिवार के सदस्यों द्वारा तिरंगा स्थापित किए जाने का जो बीड़ा उठाया गया है वह सराहनीय एवं ऐतिहासिक कदम है। उन्होंने कहा कि शहर के सौंदर्यीकरण में योगदान देने के लिए सभी को आगे आना चाहिए।
जवाहर पार्क में स्थपित किए जा रहे तिरेंगे की ऊंचाई 122 फुट होगी, जोकि हिमाचल प्रदेश में इससे पूर्व तीन स्थानों पर स्थापित किए गए तिरंगों से कहीं अधिक होगी। यह तिरंगा सोलन की शान को और अधिक बढ़ाएगा।-संदीप नेगी, अतिरिक्त दंडाधिकारी, सोलन