सोलन (एमबीएम न्यूज): अंतरराष्ट्रीय धावक कल्पना परमार ने चंडीगढ़ में हुई पहली नाइट मैराथन में हिस्सा लिया। नाइट मैराथन की 21 किलोमीटर की इस दौड़ में भाग लेने वाली कल्पना परमार हिमाचल प्रदेश की एकमात्र महिला धावक थी।
अंतरराष्ट्रीय धावक कल्पना परमार ने बताया कि 23 जुलाई को चंडीगढ़ में नाइट मैराथन दौड़ में उन्होंने पहली बार हिस्सा लिया और यह उनके लिए अच्छा अनुभव रहा। इसमें उन्हें कंपलीशन मैडल मिला। उन्होंने बताया कि वूमेन सेफ्टी चंडीगढ़, टूरिज्म चंडीगढ़ क्लब और माय एफएम की ओर से इस नाइट मैराथन का आयोजन किया गया था। सोलन के ब्वॉयज सीनियर सैकेंडरी स्कूल सोलन में इतिहास प्रवक्ता के पद कर कार्यरत कल्पना परमार शिक्षा के साथ-साथ खेलों में भी नाम कमा रही है।
42 वर्षीय कल्पना परमार लंबी दूरी की दौड़ में हिमाचल प्रदेश का प्रतिनिधित्व कर रही है। कल्पना परमार समय-समय पर सोलन के स्कूलों में भी बच्चों को खेलों से जुडऩेे के लिए प्रेरित करती है। गौर रहे कि कल्पना परमार बंगलुरू में टीसीएस की ओर से आयोजित अंतरराष्ट्रीय स्तर की 10 किलोमीटर दौड़ और दिल्ली एयरटेल की 21 किलोमीटर की अंतरराष्ट्रीय हॉफ मैराथन में भी हिमाचल प्रदेश का प्रतिनिधित्व कर चुकी है।
अपनी आयु वर्ग में वह 21 किलोमीटर दौडऩे वाली प्रदेश की एकमात्र महिला धावक है। कल्पना का अगला लक्ष्य 42 किलोमीटर की मैराथन है, जिसके लिए वह अभी से अभ्यास में जुटी है।