मंडी (वी कुमार): बीती शाम सराजघाटी के थुनाग कस्बे में स्थानीय लोगों ने उस वक्त बुद्धिमता का परिचय दिया, जब उन्होंने यहां पर चार संदिग्ध लोगों को देखकर इसकी सूचना तुरंत जंजैहली पुलिस चौकी को दी। मिली जानकारी के मुताबिक कम्बल बेचने वाले एक कश्मीरी फेरीवाले पर स्थानीय लोगों को कुछ संदेह हुआ।
लोगों ने उसे पकड़कर उससे उसकी पहचान के दस्तावेज मांगे। इतने में इस व्यक्ति ने अपने बाकी साथियों को फोन पर सूचित कर दिया और थोड़ी ही देर में वह भी यहां पर आ पहुंचे। इन सभी पर संदेह होने के चलते ग्रामीणों ने इसकी सूचना जंजैहली पुलिस चौकी को दी। पुलिस चौकी की टीम ने मौके पर आकर चारों को पकड़ लिया और पुलिस चौकी ले गये।
यहां पर दो लोगों ने अपने पहचान पत्र दिखाये और बताया कि वह जम्मू एंड कश्मीर पुलिस के कर्मचारी हैं और यहां पर अगवा की गई लड़की की तलाश में आये हुए हैं। इन दो पुलिस कर्मियों के साथ जो दो अन्य लोग थे उन्हें अगवा की गई लड़की का परिजन बताया जा रहा है। जंजैहली पुलिस ने इनकी बातों की पुष्टि करने के बाद इन्हें छोड़ दिया।
बताया जा रहा है कि जम्मू एंड कश्मीर पुलिस के इन जवानों ने यहां की स्थानीय पुलिस को अपने आने की कोई सूचना नहीं दी थी जिस कारण यह सब हुआ। यदि इन्होंने पहले से सूचना दी होती तो शायद ऐसा नहीं होता। अभी भी चारों जंजैहली में ही रूके हुए हैं और अगवा की गई लड़की की तलाश कर रहे हैं।