हमीरपुर (एमबीएम न्यूज): पिछले डेढ़ दशक से सामाजिक कार्यों व पीडि़त मानवता की सेवा में जुटे सर्वकल्याणकारी संस्था के चेयरमैन व राज्य आपदा प्रबंधन बोर्ड के उपाध्यक्ष राजेन्द्र राणा को सामाजिक क्षेत्र में उनकी उल्लेखनीय उपलब्धियों व सामाजिक सौहार्द के लिए एक प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय संस्था द्वारा ग्लोरी ऑफ इंडिया अवार्ड से नवाजा जाएगा।
आगामी 4 अक्तूबर को विदेश में आयोजित होने वाले अंतरराष्ट्रीय समारोह में कई अन्य देशों की सामाजिक हस्तियों को भी पुरस्कृत किया जाएगा। अंतरराष्ट्रीय संस्था द्वारा राजेन्द्र राणा को इस अवार्ड के लिए उनके चयन की लिखित सूचना देते हुए यह कहा गया है कि एक साधारण परिवार में जन्म लेकर समाजसेवा से राजनीति में आए राजेन्द्र राणा जिस तरह निस्वार्थ भाव से जनता की सेवा कर रहे हैं , वह अपने आप में एक मिसाल है और इससे राजनीति में सक्रिय अन्य लोगों को भी प्रेरणा लेनी चाहिए।
संस्था ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विदेश में आयोजित होने वाले इस समारोह में भाग लेकर अवार्ड ग्रहण करने का राजेन्द्र राणा से आग्रह किया है। इससे पूर्व राजेन्द्र राणा को सामाजिक कार्यों के अलावा राजनीति में सक्रिय रहकर समाज सेवा के अभियान को आगे बढ़ाने के लिए पिछले साल नई दिल्ली में आयोजित गरिमापूर्ण समारोहों में देश के दो प्रतिष्ठित राष्ट्रीय पुरस्कारों-भारत ज्योति अवार्ड व महात्मा गांधी राष्ट्रीय एकता अवार्ड से नवाजा गया था।
भारत ज्योति अवार्ड उन्हें गत वर्ष 8 अप्रैल को तमिलनाडू व आसाम के पूर्व राज्यपाल डा. भीष्म नारायण सिंह व पंजाब के पूर्व राज्यपाल जस्टिस ओपी वर्मा द्वारा और महात्मा गांधी एकता सम्मान पिछले साल 26 अक्तूबर को भारत के पूर्व मुख्य चुनाव आयुक्त डॉ. जीबीजी कृष्णामूर्ति, छत्तीसगढ़ के पूर्व राज्यपाल डॉ. शेखर दत्त, तामिलनाडू के पूर्व राज्यपाल डॉ. भीष्म नारायण सिंह और वरिष्ठ पत्रकार नरेन्द्र रैडी द्वारा प्रदान किया गया था।
इन दोनों प्रतिष्ठित अवार्डों के बाद राजेन्द्र राणा को पहली बार अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ग्लोरी ऑफ इंडिया अवार्ड के लिए चयनित किया गया है। गौरतलब है कि राजेन्द्र राणा पिछले डेढ़ दशक से अधिक समय से पीडि़त मानवता की सेवा व सामाजिक कार्यों में जुटे हैं और सर्वकल्याणकारी संस्था के बैनर तले उन्हें दर्जनों निशुल्क चिकित्सा शिविर आयोजित करके देश के जाने माने चिकित्सा विशेषज्ञों की सेवाएं लोगों को प्रदान की हैं और पांच हजार से अधिक कन्याओं की शादी में योगदान दिया है।
उनकी कमान में सर्वकल्याणकारी संस्था द्वारा सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र के सभी सैनिकों व अर्धसैन्यबलों के जवानों के परिजनों, कारिगल शहीदों की विधवाओं, पंचायती राज संस्थाओं के निर्वाचित प्रतिनिधियों को सम्मानित करके एक अनूठी पहल की गई है। राजेन्द्र राणा द्वारा सैंकड़ों निर्धन मेधावी विद्यार्थियों को उनकी पढ़ाई जारी रखने में भी लगातार आर्थिक सहयोग दिया गया है। उनकी रहनुमाई में सर्वकल्याणकारी संस्था पर्यावरण सरंक्षण, समाजसेवा, मैडीकल कैंप व रक्तदान शिविरों सहित मानवता की सेवा के तमाम कार्यों में अग्रणी रहती है।
संस्था के साथ अभी तक 25 हजार से अधिक प्रतिबद्ध लोग जुड़ चुके हैं और उत्तरी भारत के कई प्रमुख शहरों व नगरों में संस्था की इकाईयां सामाजिक कार्यों को आगे बढ़ा रही हैं। संस्था द्वारा सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र के महिला मंडलों को कई बार आवश्यक सामान देकर भी सम्मानित किया जा चुका है ।
इसके अलावा राजेन्द्र राणा के मार्गदर्शन में संस्था द्वारा शिक्षा, कला, संस्कृति, विज्ञान व अनुसंधान, खेल जगत, समाजसेवा, साहित्य, प्रशासनिक क्षेत्र, आईटी सेक्टर, अनुकरणीय साहस व वीरता , चिकित्सा क्षेत्र सहित समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट सेवाओं के लिए हर वर्ष राज्य स्तरीय शाने-हिमाचल पुरस्कार व जिला स्तर पर हमीर गौरव अवार्ड दिए जाते हैं। राजेन्द्र राणा का चयन ग्लोरी ऑफ इंडिया के लिए किए जाने पर संस्था के सभी पदाधिकारियों व सदस्यों में खुशी की लहर दौड़ गई है।