नाहन, 18 नवंबर : शहर के एक हंसमुख चेहरे दिव्य पाल सिंह ‘आशु भाई’ ने 46 साल की उम्र में अचानक ही संसार से रुखसत हो गए हैं। हिमाचल प्रदेश हाईकोर्ट में बतौर अधिवक्ता प्रैक्टिस कर रहे आशु की दीपावली की रात अचानक ही तबीयत बिगड़ गई। आईजीएमसी से चंडीगढ़ रैफर किया गया। शुक्रवार सुबह चंडीगढ़ के एक निजी अस्पताल में आशु ने अंतिम सांस ली।

शुक्रवार देर दोपहर दिवंगत दिव्यपाल सिंह का पैतृक गांव कौलावालांभूड में अंतिम संस्कार कर दिया गया। समूचे नाहन विधानसभा क्षेत्र में गहरे शोक की लहर है। विधायक अजय सोलंकी ने कहा कि भाई दिव्य पाल सिंह की आकस्मिक मृत्यु से मन बहुत व्यथित है। भगवान उन्हें श्री चरणों में स्थान दें।
बता दें कि आशु का स्वभाव इतना मिलनसार था कि वो जहां भी खड़े होते थे, वहां मौजूद हर कोई उनका मुरीद हो जाता था। दिवंगत आशु की पत्नी रितु मौजूदा में जिला न्यायवादी के तौर पर शिमला में कार्यरत है।
गौरतलब है कि दिवंगत आशु के पिता राज्य के पुलिस विभाग से आईजी के पद से सेवानिवृत हुए थे। इसके अलावा ट्रिब्यूनल के जज के तौर पर भी सेवारत रहे। छोटा भाई सुदीप पाल भी कांगड़ा के पीटीसी डरोह में जिला न्यायवादी के पद पर सेवारत है। स्वर्गीय आशु अपने पीछे दो छोटी बेटियां भी छोड़ गए हैं।