मंडी, 16 नवंबर : जिस व्यक्ति के खिलाफ पुलिस ने महिला की शिकायत पर दुराचार का मामला दर्ज किया था उसने बुधवार को फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली है। अब मृतक के भाई ने उसी महिला के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला पुलिस में दर्ज करवा दिया है।

मामला सराज उपमंडल के जंजैहली का है। पुलिस को दी शिकायत में मृतक के छोटे भाई ने उसके भाई और महिला के आपस में संबंध होने की बात कही है। मृतक के भाई के अनुसार उसका भाई और यह महिला तीन-चार वर्षों से एक-दूसरे के संपर्क में थे। दोनों एक साथ शिमला और बालीचौकी में किराए के मकान में रहते थे।
मोबाइल पर सबसे पहले पाएं हिमाचल की ताजा खबरें, यहां क्लिक कर ज्वाइन करें हमारा WhatsApp Group
शिकायतकर्ता के अनुसार यह महिला उसके भाई को बार-बार परेशान करती थी। दोनों में पहले भी कई बार झगड़े हुए और फिर समझौते भी हो गए थे। पिछले महीने ही इस महिला ने मृतक के खिलाफ जंजैहली पुलिस थाना में दुराचार का मामला दर्ज करवाया था। इसके बाद से ही उसका भाई मानसिक रूप से परेशान रह रहा था। इसी बात से परेशान होकर उसके भाई ने अपनी जीवन लीला का अंत कर दिया। उसने पुलिस से महिला के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई की मांग उठाई है।
वहीं, एसपी मंडी सौम्या सांबशिवन ने मामला दर्ज किए जाने की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।