शिमला, 10 नवंबर : धनतेरस के दिन शुक्रवार सुबह से ही शिमला के बाजारों में खरीदारी के लिए लोगों की भीड़ उमड़ी रही। राजधानी के लोगों सहित ग्रामीण क्षेत्रों के लोग बाजार में खरीदारी करने पहुंचे। आपदा के बाद भी लोगों में खरीददारी के लिए उत्साह दिखा।

धनतेरस पर नई चीजों की खरीदारी का विशेष महत्व होता है। ऐसी मान्यता है कि जो कोई भी धनतेरस के दिन खरीदारी करता है, उसके घर पर सुख और समृद्धि आती है। धनतेरस के दिन खरीदी गई वस्तुएं कई वर्षों तक शुभ फल प्रदान करती हैं। धनतेरस में खरीदारी का शुभ मुहूर्त शुक्रवार दोपहर 12:35 से 11 नवंबर सुबह तक है। धनतेरस पर खरीदारी करने आई दीपिका ने कहा कि वह दिल्ली की रहने वाली है और उसे शिमला में धनतेरस मनाने का मौका मिला। आज के दिन खरीदारी का विशेष महत्व है। पुरानी परंपराएं आज भी बरकरार बनी हुई है और वह कांस्य के बर्तन खरीदने आई है।
वहीं, कारोबारियों ने कहा कि प्रदेश में आई आपदा के बाद भी लोगों में त्योहारों के प्रति खासा उत्साह है। लोग खरीदारी करने के लिए आ रहे है। इस दिन सोना चांदी के गहनों के साथ सिक्कों व कांस्य के बर्तनों की खरीदारी शुभ माना गया है। आज के दौर में भी पुरानी परंपराएं जिंदा है और लोग कांस्य का बर्तन अवश्य खरीद रहे है। वहीं चांदी के सिक्कों की भी काफी डिमांड है।