मंडी, 15 सितंबर : हिमाचल प्रदेश में आई आपदा के दौरान प्रभावित लोगों को राहत पहुंचाने में भारतीय जनता पार्टी का शून्य योगदान रहा है। भाजपा नेताओं ने आपदा के समय राजनीति के अलावा कुछ नहीं किया है। यह आरोप शुक्रवार को मंडी में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान हिमाचल कांग्रेस मुख्य प्रवक्ता प्रेम कौशल ने लगाए हैं।

प्रेम कौशल ने कहा कि प्रदेश सरकार ने सीमित संसाधनों के उपरांत राहत एवं बचाव कार्य में बेहतर कार्य किया है। प्रदेश में आधे से अधिक सड़कों को खोल दिया गया है, वहीं अन्य सड़कों को खोलने का कार्य युद्ध स्तर पर जारी है। जबकि भाजपा ने इस समय राजनीति के अलावा कुछ भी नहीं किया है।
प्रेम कौशल ने भाजपा को घेरते हुए कहा कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा आपदा के दौरान इस तरह पीला पटका पहनकर टूरिस्ट की तरह हिमाचल पहुंचे जैसे उन्होंने किसी जनसभा को संबोधित करना हों। इनता ही नहीं नड्डा ने यहां हिमाचल की जनता को दिल्ली से आर्थिक पैकेज लाने के बाद कही थी। लेकिन आज दिन तक जेपी नड्डा हिमाचल को राहत दिलाने में नाकाम रहें है, जबकि कांग्रेस पार्टी की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी एक परिवार सदस्य के नाते हिमाचल वासियों से यहां आकर मिली। वहीं उन्होंने कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हिमाचल में आई इस त्रासदी पर आज दिन तक एक शब्द भी नहीं कहा और न ही सोशल मीडिया के माध्यम से कोई दुख प्रकट किया।
वहीं, प्रेम कौशल ने आरोप लगाते हुए कहा कि चुनाव हारने के बाद भाजपा लोकतांत्रिक व्यवस्था पर विश्वास नहीं कर पा रही है। भाजपा प्रदेश सरकार को बदनाम करने के लिए कई हथकंडे अपना रही है। भाजपा कभी फर्जी चिट्ठी तो कभी सीएम की सेहत खराब होने की अफवाह फैलाकर कांग्रेस को बदनाम करने की कोशिश की जा रही है। इन दोनों मामलों में पुलिस जांच जारी है और जल्द ही ऐसी अफवाह फैलाने वाले लोग बेनकाब होगें।