नाहन, 14 सितंबर : वर्ष 2023 में एसपी सिरमौर (SP Sirmour) रमन कुमार मीणा के नेतृत्व में जहां नशा माफियाओं पर तगड़ा शिकंजा कसा है, वहीं सरकारी खाते में लाखों की राशि जमा कर सरकार के राजस्व की वृद्धि की है। कहा जाता है कि घर का मुखिया यदि ईमानदार व कर्तव्यनिष्ठ हो तो उसके अधीनस्थ भी परफॉर्मेंस देने में पीछे नहीं रहते।

वर्ष 2022 की तुलना में 2023 में सिरमौर पुलिस ने हर क्षेत्र में शानदार काम किया है। मगर एनडीपीएस एक्ट में पुलिस ने 56.25 प्रतिशत अधिक सफलता हासिल की है। वीरवार को एसपी ऑफिस में पुलिस अधीक्षक रमण कुमार मीणा ने वर्ष 2022 व सितंबर 2023 तक के तुलनात्मक आंकड़े पेश किए, जिससे साफ है कि अधिकारी नशे के खिलाफ युद्धस्तर पर कार्य में जुटे हैं।
वर्ष 2022 में जहां 64 मामले एनडीपीएस एक्ट (NDPS Act) के दर्ज हुए थे, वहीं इस वर्ष सितंबर तक यह आंकड़ा 100 को छू गया है। जहां वर्ष 2022 में कुल 8 किलो 728 ग्राम चरस पकड़ी गई थी, वहीं सितंबर 2023 तक 12 किलो 579 किलोग्राम चरस (Charas)बरामद की गई है। हेरोइन (Heroin) के मामले में 75 प्रतिशत वृद्धि दर्ज की गई है। जहां 222 में 132.289 ग्राम हेरोइन बरामद की गई, वहीं इस साल ये आंकड़ा 231.543 ग्राम तक पहुंच गया। इसी तरह गांजा के मामलों में 13.59 प्रतिशत अधिक मामले पकडे़ गए।
चूरा-पोस्त के मामलों में भी तग़ड़ी रिकवरी की गई। जहां 2022 में 13.91 किलोग्राम चूरा-पोस्त बरामद हुआ था, वहीं इस वर्ष अब तक 78.529 किलोग्राम चूरा-पोस्त पकड़ा गया। वहीं, सिंथेटिक ड्रग (Synthetic Drug) में शामिल 5385 नशे के कैप्सूल 2022 में पकड़े गए थे। इस वर्ष इनकी संख्या 7712 पहुंची। यहां भी 43 प्रतिशत अधिक केस पकड़े गए। इसके अलावा सिरप के मामलों में 96.7 प्रतिशत की वृद्धि हुई। वहीं, नशे की गोलियों में भी 6 प्रतिशत अधिक मामले दर्ज हुए।
यही नहीं, पुलिस ने अफीम के पौधे नष्ट करने में भी रिकॉर्ड बनाया। 2022 में इसका एक भी मामला दर्ज नहीं था। वहीं, इस साल 3579 पौधे अफीम के खेतों में ही नष्ट कर दिए गए, जिस पर मामले भी दर्ज हुए।
शराब माफियाओं पर भी सिरमौर पुलिस ने तगडी कार्रवाई करते हुए 44.7 प्रतिशत अधिक मामले दर्ज किए हैं। 2022 में जहां 114 मामले एक्साइज एक्ट (Excise Act) के पकड़े गए थे, वहीं अभी तक 165 मामले दर्ज हुए हैं। इसके अलावा गैंबलिंग एक्ट (Gambling Act) में भी 25 प्रतिशत मामलों को पुलिस ने दर्ज किया। 3.31 लाख की रिकवरी भी की गई। पिछले वर्ष की तुलना में इस वर्ष 76 केस गैंबलिंग एक्ट के दर्ज हुए।
सड़क दुर्घटनाओं में भी कमी आई है। इस वर्ष जहां 19 प्रतिशत मामले कम दर्ज हुए हैं, वहीं मृत्यु दर में भी 16 प्रतिशत मामले कम रिकॉर्ड हुए। जहां वर्ष 2022 में रोड़ एक्सीडेंट के 179 मामले दर्ज हुए थे, वहीं इस साल 145 मामले ही दर्ज हुए। माइनिंग एक्ट में भी बहुत बड़ी वृद्धि दर्ज की गई। पुलिस ने कुल 36 जेसीबी समेत टिप्पर सीज किए। पुलिस ने 13 जेसीबी जब्त कर खनन माफिया की कमर तोड़ दी।
मोबाइल पर सबसे पहले पाएं हिमाचल की ताजा खबरें, यहां क्लिक कर ज्वाइन करें हमारा WhatsApp Group
पिछले वर्ष की तुलना में माइनिंग के चालानों से 91 प्रतिशत अधिक फाइन खनन माफियाओं से वसूला गया। इस वर्ष अभी तक सिरमौर पुलिस ने फाइन के तौर पर 33 लाख 2 हजार 500 रुपए का रेवेन्यू सरकारी खाते में जमा करवाया।
एसपी रमन कुमार मीणा ने कहा कि उनकी यह मुहिम इसी तरह जारी रहेगी।
डीएसपी हैडक्वार्टर रमाकांत ठाकुर की प्रशंसा करते हुए एसपी ने कहा कि उनके आने से अपराध के ग्राफ में जरूर कमी आएगी। उनके पांवटा साहिब के कार्यकाल के दौरान भी उनकी कार्यशैली बहुत शानदार रही है। साथ ही उन्होंने नाहन की ट्रैफिक व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए डीएसपी हैडक्वार्टर रमाकांत ठाकुर को जरूरी दिशा-निर्देश देने की बात भी कही। इस मौके पर एएसपी सोमदत्त भी मौजूद रहे।