सुंदरनगर, 12 सितंबर : हिमाचल प्रदेश में आपदा के 2 माह बीत चुके हैं और अब प्रदेश में जनजीवन भी सामान्य हो रहा है। लेकिन आपदा के दो माह बीतने के बाद कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी को हिमाचल की याद आई है। उसके बाद भी हिमाचल प्रदेश में आपदा के बाद क्या-क्या कार्य हुआ है, इसकी भी उन्हें कोई जानकारी नहीं है।

ऐसे में राष्ट्रीय कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी को पहले हिमाचल प्रदेश के बारे में सही जानकारी लेनी चाहिए थी, उसके बाद यहां पर बयान जारी करना चाहिए था। यह बात प्रदेश भाषा प्रवक्ता अजय राणा ने राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी पर निशाना साधते हुए कही।
उन्होंने कहा कि आपदा के तुरंत बाद केंद्र सरकार द्वारा हजारों करोड़ रुपए की राशि प्रदेश को दी गई। उसी राशि की वजह से आज प्रदेश में सड़कों की हालत सुधरी है और प्रभावित परिवारों को भी राहत मिली है। लेकिन शायद प्रियंका गांधी को इस बात की बिल्कुल भी जानकारी नहीं थी और न ही प्रदेश के कांग्रेस नेताओं ने उन्हें इस बात से अवगत करवाया।
साथ ही अजय राणा ने कहा कि चुनावों के समय कांग्रेस पार्टी द्वारा प्रदेश की महिलाओं व युवाओं से कई गारंटियों के नाम पर कई वादे किए, लेकिन आज तक एक भी गारंटी पूरी नहीं हो पाई। जिससे आज प्रदेश की महिलाएं व युवा ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं।