शिमला, 9 सितंबर : हिमाचल प्रदेश अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ के अध्यक्ष की कमान कर्मचारियों ने प्रदीप ठाकुर को सौंपी है। प्रदेश विश्वविद्यालय में शनिवार को हिमाचल प्रदेश अराजपत्रित कर्मचारी संघ के चुनाव सम्पन्न हुए है । 12 से 3 बजे तक चली चुनाव प्रक्रिया में सर्वसम्मति से प्रदीप ठाकुर को हिमाचल प्रदेश अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ के अध्यक्ष चुना गया। ब्लॉक और जिला स्तर की चुनाव प्रक्रिया पहले ही सम्पन्न हो गयी थी।

अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ के चुनाव में विभिन्न जिलों से आए प्रतिनिधियों ने भाग लिया। विभागीय इकाइयों के प्रतिनिधि भी इस चुनाव का हिस्सा बने। इसके अलावा अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ के सदस्य और विभिन्न विभागों के कर्मचारियों ने भी चुनाव प्रक्रिया के दौरान अपनी उपस्थिति दर्ज करवाई। अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ के नवनिर्वाचित अध्यक्ष प्रदीप ठाकुर ने कर्मचारियों का धन्यवाद करते हुए कहा कि जो विश्वास कर्मचारियों ने जताया है। उस विश्वास को मै सब कर्मचारियों के साथ मिल कर पूरा करने का प्रयास करूंगा।
अध्यक्ष प्रदीप ठाकुर ने कहा कि प्रदेश के 99% कर्मचारी संगठन के साथ जुड़ चुके हैं और जो शेष बचे हैं उन कर्मचारियों को भी साथ लेकर चलने का प्रयास करेंगे।उन्होंने कहा कि कर्मचारियों के कई मुद्दे है। कहा कि स्केल का मुद्दा अभी सैटल नहीं हुआ है। एचआरए या वित्त से जुड़े ऐसे मुद्दे हैं जो अभी रिवाइज नही हुए है। इन सब मुद्दों पर जल्द कार्य करेंगे। उन्होंने कहा कि जल्द ही बैठक कर सभी मुद्दों पर मंथन होगा और कर्मचारियों और पदाधिकारियों के सुझावों के साथ आगे बढ़ेंगे।
उन्होंने कहा कि जो महासंघ पर सवाल उठा रहा है वह अपनी जमीन तलाशने के प्रयास कर रहे हैं। प्रदीप ठाकुर ने कहा कि मुख्यमंत्री का आशीर्वाद उनके साथ है और वह यह मान कर चल रहे हैं कि उन्हें मान्यता मिल गयी है।