मंडी, 09 सितंबर : एएसपी की गाड़ी से टक्कर के कारण घायल हुए स्कूटी सवार यशवंत का हाल जानने एसपी मंडी सौम्या सांबशिवन पीजीआई चंडीगढ़ पहुंची और परिजनों से मुलाकात कर उन्हें हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया। पिछले कल उन्होंने पीजीआई चंडीगढ़ पहुंचकर घायल यशवंत और उसके परिजनों से मुलाकात की। इसके साथ ही एसपी मंडी ने पीजीआई में विशेषज्ञ डॉक्टरों से मुलाकात करके यशवंत के बेहतरीन उपचार को लेकर निवेदन भी किया।

मोबाइल पर सबसे पहले पाएं हिमाचल की ताजा खबरें, यहां क्लिक कर ज्वाइन करें हमारा WhatsApp Group
एसपी मंडी के जाने का परिणाम यह हुआ कि पिछले 10 दिनों से ट्रॉमा सेंटर में भर्ती यशवंत को अब वार्ड में शिफ्ट किया जा रहा है। विशेषज्ञ डॉक्टरों ने एसपी मंडी को बताया कि अभी ऑपरेशन तो नहीं हो सकता लेकिन और क्या कुछ किया जा सकता है, उसपर डॉक्टरों की टीम काम कर रही है। एसपी मंडी के पीजीआई पहुंचने से घायल यशवंत के परिवार को भी हौसला मिला है। एसपी सौम्या सांबशिवन ने घायल यशवंत की पत्नी लबली को पुलिस की तरफ से हर संभव मदद का भरोसा दिलाया है। इसके साथ ही दो पुलिस जवानों को भी पीजीआई में यशवंत के परिवार की मदद के लिए तैनात कर दिया गया है।
विदित है कि बीती 29 अगस्त को सौली खड्ड के पास एएसपी की गाड़ी ने ओवरटेक करते हुए दूसरी तरफ से आ रहे स्कूटी सवार को कुचल डाला था। इस हादसे में स्कूटी पर सवार थाची निवासी 28 वर्षीय यशवंत गंभीर रूप से घायल हो गया था और प्राथमिक उपचार के बाद उसे पीजीआई चंडीगढ़ रैफर कर दिया गया था। अभी यशवंत का उपचार पीजीआई में ही चल रहा है और उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। एसपी मंडी ने एएसपी के चालक बलदेव के खिलाफ एफआईआर के साथ-साथ विभागीय जांच भी बैठा दी है।