मंडी, 06 सितंबर : विजय सीनियर सेकेंडरी स्कूल मंडी में बतौर कॉमर्स प्रवक्ता तैनात अशोक ठाकुर बीते पांच वर्षों से लगातार शत प्रतिशत परिणाम दे रहे हैं। उनकी इसी उपलब्धि के लिए प्रदेश सरकार ने उन्हें गत रोज शिक्षक दिवस पर हुए राज्य स्तरीय समारोह में राज्य स्तरीय पुरस्कार देकर सम्मानित किया। अशोक ठाकुर कॉमर्स के प्रवक्ता हैं और बीते 25 वर्षों से शिक्षा विभाग में बतौर शिक्षक अपनी सेवाएं दे रहे हैं।

मूलतः बलद्वाड़ा तहसील के स्मैला गांव के रहने वाले अशोक ठाकुर ने अक्तूबर 1998 को शिक्षा विभाग में अपनी सेवाएं शुरू की थी। 25 वर्षों में 11 स्कूलों में अपनी सेवाएं दे चुके हैं। इनके पढ़ाए हुए कई विद्यार्थी आज खुद शिक्षक बन चुके हैं। कोरोना काल में भी अशोक ठाकुर ने यूट्यूब चैनल बनाकर बच्चों को शिक्षित करने का उत्कृष्ट कार्य किया था और इसके लिए रोटरी संस्था ने इन्हें सम्मानित भी किया था।
अब राज्य स्तरीय शिक्षक पुरस्कार प्राप्त करके वापिस अपने स्कूल पहुंचने पर अशोक ठाकुर को स्कूल प्रबंधन ने शॉल और टोपी पहनाकर सम्मानित किया। अशोक ठाकुर ने कहा कि वे खुद को गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं। बच्चों को पढ़ाने में उन्हें बहुत मजा आता है और वे भविष्य में इस कार्य को और बेहतरीन ढंग से करने का प्रयास करेंगे।
विजय सीनियर सेकेंडरी स्कूल की प्रधानाचार्य जयश्री ने अशोक ठाकुर को स्कूल प्रबंधन की तरफ से पुरस्कार के लिए बधाई दी और कहा कि यह स्कूल के लिए गर्व की बात है कि यहां पर पुरस्कार से प्राप्त शिक्षक कार्यरत हैं। उन्होंने कहा कि अशोक ठाकुर के अनुभवों से बाकी शिक्षकों को भी प्रेरणा मिलेगी।