बिलासपुर, 5 सितंबर : सिविल जज एवं न्यायिक मजिस्ट्रेट बनकर बिलासपुर जिले का नाम रोशन करने वाले दो सगे भाईयों का घुमारवीं अपने स्कूल पहुंचने पर स्वागत किया गया। एक भाई उत्तर प्रदेश में सिविल जज तो दूसरा मध्य प्रदेश न्यायिक सेवा में बतौर न्यायिक मजिस्ट्रेट अपनी सेवाएं दे रहा है।

आपको बता दें कि बिलासपुर जनपद के कल्लर से संबंध रखने वाले दुकानदार नंदलाल ठाकुर के दोनों बेटों के न्यायिक सेवा में सिविल जज बनने से पूरे इलाके में खुशी का माहौल है। नंदलाल के बड़े बेटे विशाल ठाकुर का चयन उत्तर प्रदेश न्यायिक सेवा में बतौर सिविल जज एवं न्यायिक मजिस्ट्रेट के रूप में हुआ है जबकि उनके भाई विकास का चयन इसी साल पहले ही मध्य प्रदेश न्यायिक सेवा में बतौर सिविल जज एवं न्यायिक मजिस्ट्रेट के रूप में हो चुका है।
मोबाइल पर सबसे पहले पाएं हिमाचल की ताजा खबरें, यहां क्लिक कर ज्वाइन करें हमारा WhatsApp Group
सिविल जज बनने के बाद घुमारवीं स्थित अपने स्कूल पहुंचने पर स्कूल प्रबंधन व छात्रों द्वारा दोनों भाइयों का शानदार स्वागत किया गया। शिक्षक दिवस के मौके पर बतौर मुख्यातिथि पहुंचे विशाल व विकास ने स्कूली छात्रों को जीवन में एक सफल इंसान बनने के टिप्स भी दिए।
उत्तर प्रदेश न्यायिक सेवा में सिविल जज बने विशाल ठाकुर ने युवाओं से अपील की है कि अगर वह दृढ़ संकल्प व कड़ी मेहनत के साथ आगे बढ़ते हुए उन्हें मिलने वाली सहूलियतों का सही इस्तेमाल करेंगे तो वह जरूर एक कामयाब इंसान बनेंगे। वहीं मध्य प्रदेश न्यायिक सेवा में बतौर सिविल जज अपनी सेवाएं दे रहे विकास ठाकुर ने छात्रों से अपने परिजनों व अध्यापकों के बताए रास्ते को फॉलो करते हुए आगे बढ़ने की अपील की है।