सोलन, 04 सितंबर : हिमाचल प्रदेश में इस वर्ष हो रही भारी वर्षा से त्रस्त जन-जन की पीड़ा को कम करने के लिए मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के संवेदनशील नेतृत्व में प्रदेश सरकार एवं सभी अधिकारी तथा कर्मचारी दिन-रात सतत् क्रियाशील रहे। आपदा के समय में हिमाचल प्रदेश में “सोलन पुलिस” का कार्य पूरे देश को राह दिखा रहा है।

प्रदेश के साथ-साथ सोलन ज़िला में इस वर्ष भारी वर्षा से व्यापक क्षति हुई है। सोलन ज़िला में 625 करोड़ रुपए से अधिक का नुकसान आंका गया है। ऐसी परिस्थिति में गत लगभग 02 माह से तमाम अधिकारी, कर्मचारी और स्वयं सेवी संस्थाएं संकट ग्रस्त मानवता की पीड़ा को कम करने के लिए कार्य कर रहे हैं। इन विषम परिस्थितियों में “सोलन पुलिस” द्वारा किए जा रहे कार्य की पूरे प्रदेश एवं देश में सराहना की जा रही है।
लगातार भारी वर्षा, रोजाना भूस्खलन और समय-समय पर बंद होते राष्ट्रीय राजमार्ग की कठिन परिस्थितियों के बीच सोलन पुलिस ने गत 02 माह में राष्ट्रीय राजमार्ग-05 से 02 लाख 50 हजार से अधिक वाहनों को सुरक्षित गंतव्य स्थल तक पहुंचाया हैं। इस अवधि में सोलन पुलिस ने 13 हजार 220 ऐसे वाहनों की राष्ट्रीय राजमार्ग से सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित बनाई जो घरेलू गैस, खाद्यान्न एवं अन्य आवश्यक सामग्री ला रहे थे। इससे प्रदेश के एनएच 05 के क्षेत्रों में आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति का संकट उत्पन्न नहीं हुआ। ज़िला पुलिस सोलन ने इस अवधि में 9570 सेब ले जा रहे तथा 4100 अन्य सब्जियां एवं फल ला-ले रहे वाहनों की आवाजाही सुनिश्चित की।
मोबाइल पर सबसे पहले पाएं हिमाचल की ताजा खबरें, यहां क्लिक कर ज्वाइन करें हमारा WhatsApp Group
राष्ट्रीय राजमार्ग-05 केवल प्रदेश के सोलन, शिमला और ऊपरी क्षेत्रों सहित जनजातीय ज़िला किन्नौर की जीवनरेखा है। अपितु देश की रक्षा की दृष्टि से सामरिक रूप से महत्वपूर्ण भी है। ज़िला पुलिस सोलन ने इस मार्ग पर लगातार हो रहे भूस्खलन के मध्य यातायात को नियमित बनाया, जगह-जगह फंसे यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित बनाई और पर्यटकों में विश्वास जगाया कि हिमाचल पुलिस जन-जन की सेवा में सदैव तत्पर है। प्रशासन के साथ कंधे से कंधा मिलाकर कार्य करते हुए सोलन पुलिस ने जहां कानून एवं व्यवस्था की स्थिति को यथावत रखा। वहीं, हिमाचल के प्रवेश द्वार सोलन के महत्वपूर्ण राष्ट्रीय राजमार्ग-05 को विपरीत हालात में भी सुचारू रखा।
राष्ट्रीय राजमार्ग-05 के कुछ दिनों तक पूर्ण रूप से बंद होने तथा तदोपरांत बार-बार बाधित होने की स्थिति में प्रदेशवासियों एवं पर्यटकों को परेशानी से बचाने के लिए भी ज़िला पुलिस सोलन चाक-चैबंद योजना के साथ सामनी आई। ऐसी परिस्थिति में आमजन की सुविधा के लिए वैकल्पिक मार्ग सुचारू रखे गए और ज़िला पुलिस शिमला, सिरमौर, बद्दी तथा पड़ोसी राज्य के पंचकूला की पुलिस के साथ समन्वय स्थापित कर त्वरित जानकारी साझा की गई। सोमवार को हालांकि राष्ट्रीय राजमार्ग-05 लगभग बहाल हो चुका है लेकिन ज़िला पुलिस सोलन के अधिकारी व कर्मचारी आमजन की सुरक्षा के लिए 24 x 7 मुस्तैद हैं।
पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह ने बताया कि संकट के समय में राष्ट्रीय राजमार्ग-05 सहित अन्य संवेदशील स्थानों पर पुलिस के अधिकारी और कर्मचारी हर समय कार्यरत रहे। केवल राष्ट्रीय राजमर्गा-05 पर ही लगभग 250 पुलिस अधिकारी व कर्मचारी कार्यरत है। उन्होंने कहा कि आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए सोलन ज़िला के टिपरा एवं शालाघाट के मध्य 07 मोटरबाईक सवार पुलिस कर्मी तैनात किए गए हैं।
उन्होंने कहा कि सेब सीज़न के दृष्टिगत तथा अन्य व्यापारियों की सुविधा के लिए ज़िला पुलिस ने आढ़तियों, लदानियों और व्यापारियों के साथ एक व्हाट्स ऐप ग्रुप भी बनाया। इस ग्रुप में मार्ग एवं यात्रा सम्बन्धी जानकारियां साझा की जा रही है। मीडिया के साथियों को भी नियमित अपडेट किया जा रहा हैं।