संगड़ाह, 03 सितंबर : उपमंडल ग्राम पंचायत सैज में नशे व जुए की गतिविधियां जोरों पर है। इससे तंग आकर रविवार को ग्राम पंचायत सैज की “नारी शक्ति” ने नशे और जुए के खिलाफ मोर्चा संभाल लिया। रविवार को रैली का आयोजन किया साथ ही इस दौरान लोगों खासकर पुरुष वर्ग को जागरूक करने का प्रयास भी किया गया। रैली का आयोजन दो सड़का से सैंज गांव तक किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लिया।

महिलाओं का कहना है कि पंचायत में शराब, जुआ, चरस आदि की आदत बढ़ती जा रही है। नशेड़ी जंगल, ढाबों, दुकानों व होटलों में देखने को मिलते है, जिससे हमारे बच्चों पर गलत असर पड़ रहा है।
नारी शक्ति ग्राम संगठन की प्रधान सुरेंद्रा ठाकुर ने कठोर लहजे में कहा कि फ़िलहाल चेतावनी दे रहे है फिर भी नहीं माने तो हम भूल जायेंगे कि कौन पति है, कौन बेटा या भाई। उन्होंने कहा कि नशे की वजह से मर्डर तक होने लगे है। उन्होंने महिलाओं से एक जुट होकर सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ आवाज बुलंद करने की भी अपील की।
रैली में आशा कार्यकर्ताओं व ग्राम पंचायत सैंज के 13 स्वयं सहायता समूह (SHG) तथा महिला मंडल की महिलाओं ने भाग लिया। रैली में किरण (आशा कार्यकर्ता), सुमित्रा देवी, दया देवी, चद्रेश, किरण, प्रोमिला, सोमो देवी, विनीता, बबली शर्मा, नीतू बाला, उषा, निकिता, बबली शर्मा, ग्राम पंचायत प्रधान सैंज करतार सिंह व उप प्रधान मेला राम व सभी वार्ड मेंबर का भी सहयोग रहा।महिलाओं ने नशे के सौदागरों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। महिलाओं का कहना है कि उन्हें विवश होकर सड़क पर उतरना पड़ा है।
नारी शक्ति ने प्रशासन को दो टूक शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा कि यदि इलाके के होटल, ढाबों, नाई की दुकानों, परचून की दुकानों में चल रहे नशे के कारोबार को बंद नहीं किया गया तो महिलाएं फिर सड़कों पर उतरेंगी। महिलाओं ने कहा कि युवाओं का भविष्य और सामाजिक वातावरण भी खराब हो रहा है। महिलाओं ने प्रशासन और पुलिस प्रशासन से एक बार फिर नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने की मांग की है।