नाहन, 19 अगस्त: शिमला संसदीय क्षेत्र के सांसद व पूर्व भाजपा अध्यक्ष सुरेश कश्यप ने सुखविंदर सिंह सुक्खू पर सांसदों पर उठाए सवाल पर तीखी प्रतिक्रिया जाहिर की है। सांसद ने कहा कि असल में कांग्रेस गुटों में विभाजित है। मुख्यमंत्री मंडी की सांसद व कांग्रेस नेत्री प्रतिभा सिंह को अपरोक्ष तौर पर सुनाना चाहते थे कि मंडी की सांसद आपदा के वक्त में सरकार के साथ नहीं खड़ी है।

सांसद ने कहा कि मुख्यमंत्री से स्थिति नहीं संभल रही तो उप मुख्यमंत्री भी बागडोर संभालने को बेकरार हैं। युवा मंत्री विक्रमादित्य सिंह भी जिम्मेदारी के लिए तैयार हो सकते हैं। सांसद ने कहा कि अगर कोई भी तैयार न हो तो हमें प्रदेश की कमान सौंप दो, हम आपदा की स्थिति से निपट कर दिखाएंगे।
पत्रकारों से बातचीत में सांसद सुरेश कश्यप ने कहा कि कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष पर निशाना साधने के लिए सीएम ने भाजपा के सांसदों को अपना हथियार बनाया। सीएम ने अपनी सांसद से नहीं पूछा कि क्या उन्होंने एक बार भी केंद्रीय सरकार के समक्ष प्रदेश की आपदा को उठाया है या नहीं। उन्होंने कहा कि भाजपा का हरेक विधायक व सांसद स्थानीय लोगों के बीच पहुंच रहा है, लेकिन कांग्रेस इस पर भी राजनीति कर रही है।
मोबाइल पर सबसे पहले पाएं हिमाचल की ताजा खबरें, यहां क्लिक कर ज्वाइन करें हमारा WhatsApp Group
सुरेश कश्यप ने कहा कि केंद्र की राहत राशि को लेकर भी बंदरबाट हो रही है। सीएम बड़ी बातें कर रहे हैं, लेकिन सिरमौर में आपदा को लेकर कोई आर्थिक पैकेज नहीं दिया है। उन्होंने आश्चर्यप्रकट करते हुए कहा कि सूबे के उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री आपदा की घड़ी में फील्ड में नहीं दिखाई दे रहे। वो सोए हुए हैं, जनता आपदा से त्रस्त है।
पत्रकारवार्ता में भाजपा जिला अध्यक्ष विनय गुप्ता, नगर परिषद अध्यक्षा श्यामा पुंडीर व मंडल अध्यक्ष प्रताप ठाकुर मौजूद रहे।