सुंदरनगर, 14 अगस्त : मंडी में मूसलाधार बारिश से जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया है। ताजा घटनाक्रम में सोमवार देर रात बादल फटने के कारण आए मलबे से सुंदरनगर से गुजरने वाला किरतपुर-मनाली फोरलेन (Kiratpur-Manali Fourlane) बंद हो गया। क्षेत्र के हराबाग, रोपड़ी और जड़ोल में पहाड़ी से मलबा आने के कारण सड़क मार्ग बंद हो गया।

हराबाग में पहाड़ी से अचानक आए मलबे की चपेट में मौके से गुजर रहा मिल्क ट्रक, तेल टेंकर और कार आ गई। घटना के समय वाहनों में बैठे लोगों ने भाग कर अपनी जान बचाई। भूस्खलन के कारण फोरलेन पर दोनों तरफ हजारों वाहनों की लंबी कतारें लग गई। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय युवक और महिला मंडल के स्वयंसेवियों ने अपने स्तर पर सड़क मार्ग को एक तरफा ट्रैफिक के लिए खोल दिया। प्रशासन द्वारा भेजी गई मशीनरी ने अन्य जगहों से मलबे को हटाया।
एसडीएम (SDM) सुंदरनगर अमर नेगी, डीएसपी (DSP) दिनेश कुमार और तहसीलदार वेद प्रकाश ने मौके पर पहुंच कर हालात का जायजा लिया और राहत कार्यों की समीक्षा की। मौके के हालात को लेकर पंजाब से मंडी आ रहे मिल्क ट्रक के चालक एवं प्रत्यक्षदर्शी प्रभदयाल सिंह ने कहा कि हराबाग से ट्रक गुजरते समय अचानक से बादल फटने की घटना पेश आई। उन्होंने कहा कि ट्रक को मौके से भगाने का प्रयास किया गया, लेकिन फिर भी उनका ट्रक मलबे की चपेट में आ गया।
क्षेत्र के युवक और महिला मंडल अध्यक्ष पिंकी देवी के जज्बे को सलाम, अपने स्तर पर ही फोरलेन कर दिया बहाल
बादल फटने के बाद आए मलबे को लेकर हराबाग युवक मंडल और लक्ष्मी महिला मंडल बायला के सदस्यों ने अपने स्तर पर बिना प्रशासनिक मदद के घंटों कार्य में जुटकर मार्ग को बहाल किया। इसी दौरान महिला मंडल बायला की अध्यक्ष पिंकी देवी अकेली युवक मंडल सदस्यों के साथ सड़क मार्ग खोलने के कार्य में जुटी रही। मौके पर मौजूद लोगों द्वारा इस कार्य में युवक और महिला मंडल के सदस्यों का हाथ तक नहीं बटाया गया। लेकिन मौके पर सड़क मार्ग को खोलने में क्षेत्र के युवक और महिला मंडल अध्यक्ष पिंकी देवी के जज्बे को देखकर सभी लोग हैरान हो गए हैं।