सोलन, 24 जून : हिमाचल प्रदेश में जल्द ही कैबिनेट का विस्तार किया जाएगा। यह जानकारी मुख्यमंत्री हिमाचल प्रदेश सुखविंदर सिंह सुक्खू ने सोलन में राज्य स्तरीय शूलिनी मेले के अवसर पर संवाददाताओं से बात करते हुए कही। उन्होंने कहा कि जल्द ही हिमाचल प्रदेश के मंत्रिमंडल का विस्तार किया जाएगा।

मंत्रिमंडल में अभी 3 मंत्रियों की जगह खाली है। एक प्रश्न के उत्तर में उन्होंने कहा कि संभावित मंत्रियों की सूची का खुलासा उसी समय किया जाएगा, जब राजभवन में मंत्रियों को शपथ के लिए बुलाया जाएगा। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि राज्य स्तरीय शूलिनी मेले में आकर माता का आशीर्वाद लेने आए हैं। मुख्यमंत्री ने सभी प्रदेशवासियों को मेले की बधाई दी है। साथ ही कहा कि मेले, उत्सव व त्यौहार हमारी पारंपरिक संस्कृति के द्योतक होते हैं। वह चाहते हैं कि हमारी पारंपरिक संस्कृति राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचे।
उन्होंने कहा कि इस मेले को राष्ट्रीय स्तर पर घोषित करने के लिए संबंधित विभाग से ब्यौरा देने को कहा है। विवरण मिलने पर मेले का दर्जा बढ़ाने पर विचार किया जाएगा। इससे पूर्व मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने सैनिक विश्राम गृह का उद्घाटन किया।