मंडी, 09 मई : पूर्व सीएम एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने सुख की सरकार पर तंज कसा है। जयराम ठाकुर ने सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू से कहा है कि वो पैसा न होने का ही रोना रो रहे हैं जबकि उन्होंने खुद इन्हीं संसाधनों के साथ पांच वर्षों तक प्रदेश में भाजपा की सरकार चलाई। इस दौरान कई ऐतिहासिक कार्य करके दिखाए हैं।
यह बात हिमाचल के पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने अपने गृह विधानसभा क्षेत्र सराज के गाड़ागुशैनी में आयोजित एक जनसभा को संबोधित करते हुए कही। जयराम ठाकुर ने कहा कि सुखविन्दर सिंह सुक्खू लॉकप्रिय मुख्यमंत्री हैं। जिन्होंने हिमाचल के विकास पर ताला लगा दिया है। हर मोर्चे पर विफल सुक्खू सरकार बदले की भावना से काम कर रही है। जनहित के सारे काम बंद पड़े हैं।

सरकार के पास हर बात का सिर्फ एक ही जवाब है कि पैसे नहीं हैं, इसलिए काम नहीं हो रहे हैं। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि कोरोना के बाद भी इन्ही संसाधनों में हमारी सरकार ने ऐतिहासिक काम कर दिखाया था। स्वास्थ्य, शिक्षा, सड़कें, बिजली, पानी, सबके आंकडे़ गवाह हैं कि हमने पिछली सरकारों से दोगुनी गति से विकास किया। हमने न तो हिम केयर की गारंटी दी थी, न ही बिजली पानी निशुल्क करने और नहीं महिलाओं का किराया आधा करने की गारंटी दी थी। लेकिन जनहित के लिए हमने सारी सुविधाएं दी। कांग्रेस ने दस गारंटियां दी लेकिन एक भी पूरी नहीं की।
हिमाचल की जनता लोकसभा के चुनाव में कांग्रेस को गोल करके उनकी गारंटियों के जवाब देगी। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि सरकार कह रही है कि विकास के लिए पैसे नहीं हैं। लेकिन हर दिन हिमाचल की जनता पर बोझ डाले जा रही है। छह-छह सीपीएस बना दिए हैं। अपने चार-चार मित्रों को कैबिनेट रैंक दे दी है। इन सब में क्या पैसे नहीं लग रहे हैं। जिन्हें एक हेलीकॉप्टर ज्यादा लग रहा था, वे लोग अब तीन-तीन जहाज लेना चाह रहे हैं। एयरक्राफ्ट लिया जा रहा है, आखिरकार हिमाचल में एयरक्राफ्ट की क्या जरूरत है। यह पैसा हिमाचल के विकास में लगाना चााहिए।