रिकांगपिओ, 09 जून : केंद्रीय ऊर्जा मंत्री आरके सिंह और मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू को आज किन्नौर जिले के रिकांगपिओ में स्थानीय लोगों द्वारा गर्मजोशी के साथ विदाई दी गई। केन्द्रीय मंत्री एवं मुख्यमंत्री किन्नौर के दो दिवसीय दौरे पर थे।
केन्द्रीय मंत्री ने जनजातीय क्षेत्र की जनता द्वारा स्नेहपूर्ण आतिथ्य-सत्कार के लिए लोगों का आभार जताया। इससे पहले, मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने किन्नौर जिले के कल्पा में भी लोगों की समस्याएं सुनीं तथा मीडिया कर्मियों से अनौपचारिक बातचीत की।

उन्होंने केंद्रीय ऊर्जा मंत्री का समृद्ध परम्पराओं एवं सांस्कृतिक धरोहर के लिए विख्यात किन्नौर जिले के दौरे तथा केंद्रीय सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रम के माध्यम से वाइब्रेंट ग्राम छितकुल को गोद लेने के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने राज्य के जनजातीय क्षेत्रों के लोगों की विभिन्न मांगों पर भी विचार करने के लिए केंद्रीय ऊर्जा मंत्री का आभार व्यक्त किया।
सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संयुक्त रूप से कल्पा स्टेडियम का विकास किया जाएगा।उधर, केंद्रीय ऊर्जा मंत्री आर.के. सिंह और मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने सेना और भारत-तिब्बत सीमा पुलिस 17वीं आईटीबीपी बटालियन के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ जिला किन्नौर के रिकांगपिओ में बैठक की अध्यक्षता की। इस अवसर पर सेना और आईटीबीपी के अधिकारियों ने केंद्रीय मंत्री एवं मुख्यमंत्री को उत्तरी सीमावर्ती क्षेत्रों से संबंधित प्रस्तुति दी। उपायुक्त, किन्नौर, तोरुल एस. रवीश ने जिला किन्नौर और लाहौल-स्पीति में सरकार द्वारा चलाए जा रहे वाइब्रेंट विलेज कार्यक्रम पर विस्तृत प्रस्तुति दी। उन्होंने दोनों जिलों में विभिन्न अवसरों और चुनौतियों से भी अवगत भी करवाया।
केंद्रीय ऊर्जा मंत्री और मुख्यमंत्री ने 450 मेगावाट की शांगटांग कड़छम हाइड्रो विद्युत परियोजना में चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा की।
बैठक में राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी, मुख्यमंत्री के प्रधान सलाहकार राम सुभग सिंह, मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार सुनील शर्मा, सेना और आईटीबीपी और जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे।