संगड़ाह, 5 जून : राज्य स्तरीय विश्व पर्यावरण दिवस पर जलशक्ति विभाग ने 1000 महिलाओं की महानाटी के माध्यम से पेयजल बचाने का संदेश दिया।

विजट महाराज के बोगधार मेले के समापन अवसर पर इस महानाटी ने खूब रंग जमाया। मेले में आए मेलार्थियों ने महानाटी का जमकर आनंद उठाया। बता दें कि यह महानाटी पर्यावरण दिवस पर खास पेशकश के रूप में लगाई गई। इस आयोजन में उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री विशेष रूप से उपस्थित रहे।
बता दें कि सोमवार को बोगधार में आयोजित तीन दिवसीय मेले के समापन अवसर पर उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री पहुंचे थे। उप मुख्यमंत्री ने हर घर के लिए एक संकल्प पत्र का भी विमोचन किया, इसमें हर परिवार से पेयजल संरक्षण और संग्रहण की अपील की गई। इसी के चलते पेयजल एवं स्वच्छता मिशन के तहत पेयजल संरक्षण और गुणवत्ता का संदेश देने के लिए 1000 महिलाओं द्वारा इस महानाटी का आयोजन किया गया। जिसमें प्रदेश भर से महिलाओं ने भाग लिया। यह महानाटी पर्यावरण दिवस पर खासतौर पर लगाई गई।
उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि हर घर शुद्ध पेयजल योजना को देना सरकार का लक्ष्य है। इस आयोजन से महानाटी में भाग लेने वाली हर महिला के घर और गांव तक पेयजल जागरूकता का संदेश जाएगा। साथ ही प्रदेश भर में भी एक व्यापक संदेश पहुंचेगा, उप मुख्यमंत्री ने इन सभी महिलाओं का आभार प्रकट किया।
इस दौरान उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने करोड़ों रुपए से बनने वाली उठाऊ सिंचाई परियोजनाओं का उद्घाटन भी किया। उन्होंने इस अभियान में साथ दिया। इस मौक़े पर विधायक विनय कुमार, बीडीसी चेयरमैन तेजिंदर कमल, राज्य पेयजल एवं स्वच्छता मिशन निदेशक एवं मुख्य अभियंता जोगेंद्र सिंह चौहान चीफ जलशक्ति विभाग, अधीक्षण अभियंता नाहन, अधिशासी अभियंता जल शक्ति नौहराधार मंडल उपस्थित थे।