शिमला, 05 जून : विश्व पर्यावरण दिवस पर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने साइकिल रन व छात्र रैली को ओक ओवर से रवाना किया। ओकओवर से पर्यावरण, विज्ञान तकनीकी व क्लाइमेट चेंज विभाग व हिमकॉस्ट द्वारा आयोजित साइकिल रन और छात्र रैली को सीएम ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान उन्होंने बच्चों को स्वच्छता की शपथ भी दिलाई।

इस मौके पर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि हिमाचल प्रदेश सरकार ने सिंगल यूज प्लास्टिक पर प्रतिबंध लगाया है। वर्तमान सरकार भी ग्रीन स्टेट के लक्ष्य के साथ आगे बढ़ रही है। दूध की थैलियों के माध्यम से जो प्लास्टिक प्रदेश में पहुंच रहा है। उसको लेकर भी सरकार विचार कर रही है कि किस तरह से इसे खत्म करना है। मुख्यमंत्री ने कहा कि लोगों को पर्यावरण के प्रति जागरूक करना बेहद अहम है।