शिमला, 02 जून : दिल्ली और चंडीगढ़ स्थित हिमाचल भवन और हिमाचल सदन में ठहरना अब मंहगा हो गया है। हिमाचल प्रदेश (Himachal Pradesh)की सुखविंदर सिंह सुक्खू सरकार ने हिमाचल भवन और सदन के कमरों का किराया बढ़ा दिया है।

सामान्य प्रशासन विभाग (GAD) ने बढ़े हुए दामों की शुक्रवार को अधिसूचना जारी की है। इसके मुताबिक हिमाचल भवन दिल्ली, चंडीगढ़ और हिमाचल सदन दिल्ली में एक कमरे का किराया 1,200 रुपये प्रतिदिन किया गया।
मुख्यमंत्री, स्पीकर, उप मुख्यमंत्री सहित मंत्रियों और विधायकों, निगमों व बोर्डो के अध्यक्ष व उपाध्यक्ष, हिमाचल सरकारी के अधिकारी व कर्मचारी, पूर्व मुख्यमंत्री समेत पूर्व मंत्री, पूर्व विधायक, निगमों व बोर्डो के पूर्व अध्यक्ष व पूर्व उपाध्यक्ष, हिमाचल में सेवारत केंद्र सरकार के कर्मचारी, बैंक व एलआईसी कर्मी, समाचार पत्रों के संपादकों व पत्रकारों के लिए यह व्यवस्था रहेगी। जबकि गैर हिमाचलियों के लिए कमरे का किराया प्रतिदिन 2 हज़ार रुपये रहेगा।
बता दें कि पहले हिमाचल भवन दिल्ली, चंडीगढ़ और हिमाचल सदन दिल्ली में कमरे का किराया 250 और 500 रुपये था। प्रदेश में सत्ता संभालते ही मुख्यमंत्री सुक्खू ने इन भवनों में कमरों का किराया बढ़ाने की घोषणा की थी। उल्लेखनीय है कि हिमाचल भवन व सदन दिल्ली और चंडीगढ़ में कमरों की आनलाइन बुकिंग होती है। निजी होटलों की अपेक्षा इनमें रहना, खाना पीना सस्ता रहता है।