मंडी, 19 मई : बॉलीवुड सिंगर शिवरंजनी ने अपने पिता को जन्मदिन पर गाने का तौहफा दिया है। शिवरंजनी ने आज अपने पिता के जन्मदिन पर पहले पहाड़ी गाने ’’माथे जो बिंदलु’’ को नार्थ इंडिया के मशहूर फिल्म प्रॉडक्शन ’’नॉर्दन फिल्म्स’’ के बैनर तले रिलिज किया। शिवरंजनी ने गाना रिलिज करने के बाद अपने पिता को इसका लिंक भेजकर जन्मदिन की बधाई दी, और इसे अपने पिता को समर्पित किया।
शिवरंजनी ने बताया कि यह गाना उन्होंने अपने पिता शक्ति सिंह के साथ संयुक्त रूप से गाया और फिल्माया है। पिताजी को यह उम्मीद नहीं थी कि गाना इतनी जल्दी बनकर उनके जन्मदिन पर रिलीज हो जाएगा। उनका सारा सेटअप मुंबई में है और गाने को एडिट होने में समय लगने वाला था। लेकिन यहां पर उन्हें नार्दन फिल्म्स ने मदद की और गाने की एडिटिंग करके उसे तय समय पर रिलीज कर दिया। शिवरंजनी ने बताया कि उनके पिता अभी मुंबई में हैं, और जन्मदिन पर ऐसा तोहफा पाकर बेहद खुश हैं।
#WATCH VIDEO : https://youtu.be/pQBZuxZ6d8w
मंडी की रहने वाली हैं बॉलीवुड सिंगर शिवरंजनी
बॉलीवुड सिंगर शिवरंजनी सिंह मूलतः मंडी शहर की रहने वाली हैं। उनके पिता शक्ति सिंह हिमाचल के जाने-माने क्रिकेटर थे, और रणजी खेला करते थे। आजकल शक्ति सिंह बीसीसीआई में मैच रेफरी की भूमिका निभा रहे हैं। शिवरंजनी की परवरिश मुंबई में ही हुई है। मात्र 13 वर्ष की आयु से शिवरंजनी ने गाना शुरू कर दिया था।
बीते 6-7 वर्षों से शिवरंजनी बॉलीवुड में अपनी गायकी का लोहा मनवा रही हैं। लल्ला-लल्ला लोरी, जानू मेरी जान और आई वांट तेरा इश्क सहित उन्होंने कई गाने गाए हैं। शक्ति सिंह को भी गाने का शौक है और वो भी शंकर महादेवन और प्रीतम के साथ काम कर चुके हैं। इसके साथ ही कई पहाड़ी गाने भी शक्ति सिंह ने गाए हैं।