शिमला, 19 मई : हिमाचल प्रदेश में झुलसाने वाली गर्मी से हल्की राहत मिली है। राज्य के अधिकांश भागों में अधिकतम तापमान में आंशिक गिरावट आई है। 22 मई से राज्य में मौसम करवट लेगा और कुछ क्षेत्रों में अंधड़ व बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। इससे गर्मी के प्रकोप से और निजात मिलेगी।
ऊना में पिछले कुछ दिनों से पारा 40 डिग्री पार कर गया था। पिछले कल ऊना का अधिकतम तापमान 40.4 डिग्री सेल्सियस था, वहीं आज शुक्रवार को तापमान 38 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा बिलासपुर में अधिकतम तापमान 36.5 डिग्री, धौलाकुंआ में 36 डिग्री, हमीरपुर में 34.9 डिग्री, कांगड़ा व मंडी में 33.9 डिग्री, चम्बा में 33.3 डिग्री, सुंदरनगर में 32.9 डिग्री और भुंतर में 31.2 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। पहाड़ी इलाकों के तापमान में खास बदलाव नहीं आया है।
शिमला में अधिकतम तापमान 23.7 डिग्री, कल्पा में 21 डिग्री, केलांग में 17.4 डिग्री, कुफरी में 18.4 डिग्री, नारकंडा में 19.3 डिग्री और मशोबरा में 21.9 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। बीते 24 घण्टों के दौरान राज्य में कहीं भी बर्फबारी नहीं हुई। हालांकि कुछ स्थानों पर छिटपुट बारिश हुई है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक अगले दो दिन राज्य भर में मौसम साफ रहेगा। इसके बाद पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से मौसम में बदलाव आएगा। 22 व 23 मई को राज्य के अधिकांश क्षेत्रों में अंधड़ व गरज के साथ बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है।