हमीरपुर, 13 मई : एचआरटीसी (HRTC) डिपो हमीरपुर कोरोना काल से बंद पड़े दिल्ली रूट को दोबारा शुरू कर दिया है। निगम ने यात्रियों की डिमांड को देखते हुए यह निर्णय लिया है। दिन के समय दिल्ली का रूट शुरू होने से यात्रियों को भी राहत मिलेगी। क्योंकि दिन के समय वोल्वो बस के अलावा निगम की दूसरी कोई भी बस सेवा दिल्ली के लिए सीधी नहीं थी।

हिमाचल पथ परिवहन निगम हमीरपुर का अवाहदेवी-दिल्ली वाया भोटा बस रूट कोरोना काल से बंद चल रहा था। हालांकि निगम ने कुछ समय बस रूट को चंडीगढ़ तक भी चलाया था, लेकिन यात्रियों की कमी के चलते इस बंद करना पड़ा था। ऐसे में यात्रियों को पहले चंडीगढ़ तक सफर करना पड़ता था, उसके बाद दूसरी बस लेकर दिल्ली पहुंचना पड़ता था।
निगम की अवाहदेवी-दिल्ली वाया भोटा बस सुबह छह बजे अवाहदेवी से चलेगी और साढ़े सात बजे हमीरपुर बस अड्डा से दिल्ली के लिए रवाना होगी, जो कि शाम सात बजे के करीब यात्रियों को दिल्ली उतारेगी। बस उसी दिन रात 9:40 बजे दिल्ली बस अड्डा से हमीरपुर के लिए रवाना होगी, जो कि अगले दिन सुबह साढ़े सात बजे यात्रियों को हमीरपुर उतारेगी। निगम दिल्ली रूट को शुरू कर दिया है। ऐसे में दिल्ली के यात्रियों को अब चंडीगढ़ रूट की बसों में धक्के नहीं खाने पड़ेंगे।