नाहन, 8 मई: ऐतिहासिक चौगान मैदान में सवर्ण महासम्मेलन को लेकर तैयारियां जोरों पर हैं। 9 मई को महाराणा प्रताप की 483 वीं जयंती के अवसर पर समस्त हिमाचल के सवर्ण समाज को एक मंच पर एकत्रित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसी के उपलक्ष में सोमवार 8 मई को ऐतिहासिक चौगान में अखंड रामायण पाठ का शुभारंभ किया गया।

देवभूमि क्षत्रिय संगठन के संस्थापक रूमित सिंह ठाकुर की अगुवाई में महासम्मेलन से 24 घंटे पहले अखंड पाठ प्रारंभ हुआ। मंगलवार सुबह 11ः30 बजे यज्ञ की पूर्णाहुति के साथ रामायण पाठ संपन्न होगा। इसके पश्चात माल रोड पर स्थापित महाराणा प्रताप की प्रतिमा को पुष्प भेंट कर श्रद्धांजलि दी जाएगी।
देवभूमि क्षत्रिय संगठन के संस्थापक रूमित सिंह ठाकुर ने बताया कि सवर्ण महा सम्मेलन में एक लाख लोगों को एकत्रित करने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने कहा कि नाहन के चौगान मैदान में 9 मई को नया इतिहास लिखा जाएग, जिसका गवाह सम्पूर्ण हिमाचल व देश होगा। उन्होंने कहा कि देवभूमि क्षत्रिय संगठन हक की लड़ाई लड़ रहा है।
उन्होंने बताया कि महासम्मेलन में भारतीय कबड्डी टीम के पूर्व कप्तान व पदमश्री अजय ठाकुर बतौर मुख्यातिथि शिरकत करेंगे। कार्यक्रम का समापन हनुमान चालीसा के पाठ के साथ किया जाएगा।