शिमला, 7 मई : हिमाचल प्रदेश में अंधड़ व तूफान ने कहर बरपाया है। शनिवार को राज्य के कुछ हिस्सों में तेज अंधड़ के कारण जानी नुकसान की भी खबर है। वहीं, रविवार सुबह भी राज्य के कई इलाकों में अंधड़ व तूफान से लोग सहम गए थे। कांगड़ा जनपद के डाढ में चलते वाहन पर पेड़ गिरने से एक व्यक्ति की मौत की सूचना मिली है। घटना, शनिवार रात की है। मृतक की पहचान 46 वर्षीय बलदेव कुमार पुत्र ईश्वर दास के तौर पर की गई है।

जानकारी ये है कि बलदेव की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वाहन में सवार एक अन्य व्यक्ति महेश ठाकुर को भी चोटें आई हैं। मिल रही जानकारी के मुताबिक मृतक बलदेव श्री चामुण्डा नंदीकेश्वर मंदिर से माथा टेक कर लौट रहा था। हादसा, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला डाढ के समीप हुआ।
सूचना मिलते ही पालमपुर पुलिस घटनास्थल पर पहुंच गई थी। उधर, रविवार सुबह दक्षिण हिमाचल में अंधड़ व तूफान ने कहर बरपाया। फसलों के नुक्सान के अलावा गौशालाओं व घरों की छतें भी उड़ी हैं। मंडी की गाहर पंचायत में तेज तूफान से घर की छत उड़कर 150 फीट दूर जा गिरी। प्रभावित परिवार ने पड़ोसियों के घर में रात गुजारी।
एक अन्य इनपुट के मुताबिक चंबा के पांगी में पहाड़ दरकने से 120 लोग लगभग 27 घंटे तक फंसे रहे। मार्ग बहाल न होने के कारण महिलाओं, बच्चों व बुजुर्गों को तिंदी गांव में शरण लेने को मजबूर होना पड़ा। मौसम विज्ञान केंद्र ने सोमवार को भी बारिश व ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया हुआ है।