मंडी, 5 मई : मुंड़न संस्कार के कार्यक्रम में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब वहां पर मौजूद लोगों पर मधुमक्खियों ने अचानक हमला कर दिया। यह मामला जोगिंदर नगर मंडल के लडभड़ोल क्षेत्र का है। इन मधुमक्खियों ने 20 लोगों को अपना शिकार बनाया है।
मिली जानकारी के अनुसार शुक्रवार को लडभड़ोल क्षेत्र की ग्राम पंचायत ऊटपुर के गांव ओच में जंगली मधुमक्खियों ने 20 लोगों पर जंगली ने हमला कर दिया है। यह सभी लोग ओच गांव के साथ लगते कोटलू में मुंडन संस्कार के लिए शामिल होने के लिए गए हुए थे। इसी दौरान जंगली मधुमक्खियों के एक झुंड ने इन लोगों पर हमला कर घायल कर दिया। लोगों ने अपनी जान भागकर बचाई।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने मौके पर 108 एंबुलेंस हेल्पलाइन पर कॉल की गई, जिसके बाद करीब आधे घंटे बाद सिविल अस्पताल संधोल से 108 एंबुलेंस ओच गांव पहुंची। 18 लोगों का उपचार 108 में तैनात कर्मचारियों द्वारा किया गया। जबकि दो घायलों को निजी गाड़ी के माध्यम से नागरिक अस्पताल लडभड़ोल लाया गया। जहां पर चिकित्सकों द्वारा उन्हें उपचार के बाद घर भेज दिया है।
नागरिक अस्पताल लडभड़ोल में तैनात डॉ. अंकुश भारद्वाज ने बताया कि दो महिलाओं सरोज 65 वर्ष व अनुराधा 42 वर्ष को उपचार कर घर भेज दिया गया है। लडभड़ोल क्षेत्र में लगातार रंगडो और जंगली मधुमक्खियों के मामले लगातार बढ़ने लगे हैं। उन्होंने बताया कि वीरवार को भी सिमस निवासी 70 वर्षीय बुजुर्ग को रंगडो द्वारा घायल कर दिया था।
घायलों में ओच निवासी रमेश चंद, सुमित कुमार, तृप्ता देवी, आरती, पूजा, अंकुश, ज्योति देवी, चमना देवी, सुभाष कुमार , सुमन लता, श्रेष्ठा देवी, सुनीता देवी, अनुराधा देवी, चंद्रेश कुमारी , विजय, तनुज , मनोज, लकी, सरोज, व अनुराधा शामिल है। वहीं इस बारे में लडभड़ोल तहसीलदार मेघना गोस्वामी ने कहा कि मामले की जानकारी उन्हें मिली है, लोगों को उपचार दिलाया गया है। उन्होंने कहा कि नियमानुसार कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।