नाहन, 5 मई : प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार नाहन पहुंचे भाजपा के वरिष्ठ नेता डॉ. राजीव बिंदल का कार्यकर्ताओं ने जोरदार अभिनंदन किया।
अभिनंदन समारोह की खास बात ये रही कि सिरमौर के तमाम भाजपा नेता नाहन पहुंच गए थे। मुख्य तौर पर सांसद सुरेश कश्यप, पांवटा साहिब के विधायक व पूर्व मंत्री सुखराम चैधरी, पच्छाद की विधायक रीना कश्यप, बलदेव भंडारी व पूर्व विधायक बलदेव तोमर व जिला अध्यक्ष विनय गुप्ता मौजूद रहे।
दिल्ली गेट से ढोल के साथ अभिनंदन रैली हिंदू आश्रम में पहुंची। इस बीच जगह जगह कार्यकर्ताओं ने फूल मालाओं के साथ डॉ बिंदल का स्वागत किया और उन्हें नई पारी शुरू करने पर बधाईयां भी दी। जिला भर से कार्यकर्ता नाहन पहुंचे थे।
इसके बाद भाजपा नेता डा. बिंदल ने हिंदू आश्रम में कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। डा. राजीव बिंदल ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता आधारित पार्टी है। लिहाजा किसी भी कार्यकर्ता को कोई भी दायित्व दिया जा सकता है।
उन्होंने शीर्ष नेतृत्व का आभार जताते हुए कहा कि उन्हें जो दायित्व सौंपा है, उसे वह पूरी निष्ठा से निभाएंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश की सभी 68 विधानसभा सीटों से लीड के साथ 2024 के लोकसभा चुनाव में भाजपा फिर रिपीट करेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर संगठन को आगे ले जाने का आह्वान किया।