ऊना, 29 अप्रैल : सूडान में छिड़े गृह युद्ध की परिस्थितियों के बीच से निकलकर एक और युवा सकुशल अपने घर वापस लौटा है। हरोली उपमंडल के बालीवाल गांव के निवासी 33 साल के दयाल सिंह सूडान में सोने की खदान में काम कर रहे थे। गृह युद्ध की परिस्थितियों के बीच ऐसे उलझे की घर वापसी की उम्मीदें खत्म होने लगी। इन परिस्थितियों में सूडान स्थित भारतीय दूतावास की याद आई और संपर्क किया जिसके चलते केंद्र सरकार के ऑपरेशन कावेरी के तहत एक और युवक को सकुशल घर पहुंचाने का काम सरअंजाम दिया गया।

दूसरी तरफ घर पहुंचे दयाल सिंह को देखकर उसके दोनों बच्चे हतप्रभ रह गए। खुशी से पिता के साथ जाकर चिपक गए। दयाल सिंह की माता इंद्रजीत कौर ने भी बेटे के सकुशल घर वापस लौटने पर खुशी जताई। उन्होंने केंद्र सरकार का ऑपरेशन कावेरी शुरू करने के लिए आभार जताया। सूडान में गृह युद्ध की परिस्थितियों के बीच फंसे भारतीयों को निकालने का सिलसिला लगातार जारी है।
उपमंडल अंब का एक युवा रोहित शर्मा शुक्रवार को सुडान से सकुशल घर वापस लौटा था। वहीं, दयाल सिंह करीब 2 वर्षों से सूडान में काम कर रहे हैं। सूडान में 15 अप्रैल को शुरू हुए गृह युद्ध में न केवल वहां के नागरिक अपितु सूडान में काम के सिलसिले में बाहरी देशों के नागरिकों को भी काफी समस्याओं का सामना करना पड़ा।
“ऑपरेशन कावेरी” बना भारतीयों के लिए सूडान में सहारा, हिमाचली बेटे की सकुशल घर वापसी
वहीं, भारत सरकार ने अपने नागरिकों की सकुशल वापसी के लिए “ऑपरेशन कावेरी” की शुरुआत की और उनकी वापसी भी सुनिश्चित की। सूडान से लौटे पहले युवक रोहित शर्मा की ही तरह दयाल सिंह भी बमबारी और गोलीबारी से काफी चिंतित थे। यहां तक कि सूडान में उन्हें खाने तक के भी लाले पड़ गए थे। लेकिन भारतीय दूतावास ने अपने नागरिकों को समय रहते संभाला और उनकी हर जरूरत को पूरा करने के साथ-साथ उन्हें वहां से बाहर निकालने में अहम भूमिका अदा की।
दयाल सिंह ने बताया कि सूडान में हालात बहुत ही भयानक बने हुए है, जहां आसमान से बमबारी हो रही है तो वहीं जमीन पर गोलियां चल रही है। दयाल ने बताया कि गृह युद्ध शुरू होने के बाद से वो रोजाना सिर्फ एक रोटी खाकर ही अपना पेट भर रहे थे। दयाल ने कहा कि भारत सरकार द्वारा सूडान में फंसे सभी भारतीयों को वतन वापसी के लिए हरसंभव प्रयास किये जा रहे है।
वहीं, सूडान से घर वापस लौटे दयाल सिंह की माता इंदरजीत कौर ने केंद्र सरकार का आभार जताया। उन्होंने कहा कि जब तक बेटा सूडान में फंसा था, तब तक पूरा परिवार चिंता ग्रस्त था। उन्होंने उम्मीद की है कि सूडान में फंसे प्रत्येक भारतीय को सरकार ऑपरेशन कावेरी के माध्यम से सकुशल वापस घर पहुंचाएगी।