शिमला, 26 अप्रैल : कांग्रेस पार्टी द्वारा बीते कल जारी किए गए घोषणा पत्र पर भाजपा ने तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने अब सत्ता में आने के बाद गारंटियों से तौबा कर ली है। एमसी शिमला के चुनावों को लेकर जारी किए गए घोषणा पत्र में कांग्रेस ने एक भी गारंटी की बात नहीं कही है। केवल वादे और इरादे जाहिर किए हैं क्योंकि अब सरकार एक भी गारंटी पुरी नहीं करने वाली हैं।
शिमला में पत्रकार वार्ता कर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने अपनी गारंटियों से तौबा कर लिया है। कांग्रेस पार्टी को समझ आ गया है कि गारंटियों को देना तो आसान है पर उनको पूरा करना मुश्किल है।
विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने कई गारंटियां दी थी, लेकिन पिछले कल निगम चुनाव के लिए कांग्रेस ने गारंटियों से तौबा कर दिया। क्योंकि कांग्रेस द्वारा दी गई सारी गारंटी फेल हो चुकी है। न कर्मचारियों को ओल्ड पेंशन मिली और न ही महिलाओं को 1500 रुपए मिले। प्रदेश की 22 लाख महिलाएं अभी भी 1500 रुपए के इंतजार में है। कांग्रेस पार्टी ने महिलाओं को ठग कर सत्ता हासिल की है।
डॉ. राजीव बिंदल ने कहा कि स्मार्ट सिटी के अंतर्गत हिमाचल प्रदेश को 6500 करोड़ रुपए आया है। शिमला शहर के लिए 1813 करोड़ की नई पेयजल योजना भी भाजपा की सरकार ही लाई है। साथ ही 1516 करोड़ की पर्वतमाला योजना भी केंद्र सरकार की शिमला शहर को एक बड़ी सौगात है।