शिमला,23 अप्रैल : भारतीय जनता पार्टी ने पूर्व विधानसभा अध्यक्ष डॉ राजीव बिंदल को हिमाचल में पार्टी की बागडोर सौंपी है। संगठनात्मक नियुक्ति को लेकर भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह ने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के हवाले से नियुक्ति पत्र जारी किया है।

बता दे कि डॉक्टर बिंदल को ही प्रदेश अध्यक्ष के पद से हटाकर सांसद सुरेश कश्यप को कमान दी गई थी। 2017 से 2019 तक स्वास्थ्य मंत्री रहे डॉक्टर राजीव बिंदल को जयराम सरकार में विधानसभा अध्यक्ष कुर्सी सौंपी गई थी, लेकिन दो साल बाद जनवरी 2020 में डॉ राजीव बिंदल को पार्टी का प्रदेश अध्यक्ष बना दिया गया था, लेकिन चंद महीनों बाद ही डॉ बिंदल को पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष के पद से हटा दिया गया था।
इसके अलावा पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व ने सिद्धार्थन व पवन राणा को प्रदेश महामंत्री की जिम्मेदारी भी सौंपी गई है। राणा की दिल्ली में प्रदेश महामंत्री की जिम्मेदारी सौंपी गई है। राणा इससे पहले हिमाचल में संग़ठन मंत्री की जिम्मेदारी निभा रहे थे। जबकि, सिद्धार्थन को हिमाचल प्रदेश भाजपा महामंत्री (संग़ठन) बनाया गया है।
डॉ. राजीव बिंदल हाल ही के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी अजय सोलंकी से हार गए थे।
चंद रोज से सांसद सुरेश कश्यप द्वारा पार्टी के अध्यक्ष पद से इस्तीफा देने की अटकलें चल रही, लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की जा रही थी, इसी बीच सांसद सुरेश कश्यप को शुगर लेवल डाउन होने के कारण दिल्ली के अस्पताल में दाखिल करवाया गया था। पार्टी की नई टीम के सामने 2024 का लोकसभा चुनाव होगा। उधर डॉ बिंदल ने कहा कि वो पार्टी की कसौटी पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करेंगे।